तस्वीर में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम भीलवाड़ा के रीको एरिया में मिलावटी और दूषित खाद्य सामग्री को नष्ट करती हुई नजर आ रही है।

भीलवाड़ा में मिलावटखोरी और अस्वच्छ खाद्य सामग्री के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण विभाग ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की। जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू के निर्देशानुसार चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत विभागीय टीम ने रीको एरिया में दो प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के नमूने लिए और खराब व दूषित सामग्री को मौके पर ही नष्ट करवाया।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव कुमार शर्मा ने बताया कि विभागीय टीम ने रीको एरिया स्थित मैसर्स निकिता फूड प्रोडक्ट्स से नमकीन का नमूना लिया। जांच के दौरान मौके पर लगभग 50 लीटर खराब तेल मिला, जिसे जनहित में नष्ट करवाया गया।

इसी क्षेत्र स्थित मैसर्स सुखवाल बेकरी से बिस्किट का नमूना लिया गया। यहां लगभग 20 किलोग्राम दूषित खाद्य सामग्री भी मौके पर ही नष्ट कर दी गई।

इसके अतिरिक्त खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मीरा सर्किल स्थित मैसर्स जोधपुर मिष्ठान भण्डार से पेड़े का नमूना लिया। कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी अशोक यादव, साक्षी जैन और नीरज मीणा मौजूद रहे।

विभाग द्वारा लिए गए सभी खाद्य नमूनों को जांच के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला, अजमेर भेज दिया गया है। अब प्रयोगशाला जांच के आधार पर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से संबंधित स्थिति स्पष्ट होगी।

सीएमएचओ डॉ. शर्मा ने स्पष्ट किया कि जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता के मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जनस्वास्थ्य के हित में खाद्य पदार्थों की जांच और कार्रवाई का अभियान लगातार जारी रहेगा।

Tags: