राजस्थान में वोटर लिस्ट अपडेशन के लिए विशेष अभियान, फॉर्म-6 से जुड़ेंगे नाम
बीएलओ, ऑनलाइन पोर्टल और शिक्षण संस्थानों के कैंपों के जरिए पात्र युवाओं और नए मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट में जोड़ने की प्रक्रिया शुरू की गई।
राजस्थान में मतदाता सूची के सतत अद्यतन (Continuous Updation) के तहत पात्र एवं नव मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए विशेष अभियान शुरू किया जाएगा। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में चलाए जाने वाले इस अभियान का उद्देश्य विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान मतदाता सूची में शामिल होने से रह गए पात्र मतदाताओं के साथ युवा एवं प्रथम बार पात्र हुए मतदाताओं का पंजीकरण सुनिश्चित करना है।
राजस्थान के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवीन महाजन ने बताया कि प्रदेश के सभी जिलों में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। अभियान के तहत इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब स्कूल एवं कॉलेजों की ओर से जनजागरूकता कार्यक्रम और विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे। पात्र नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे अभियान का लाभ उठाते हुए मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया पूरी करें।
भारत निर्वाचन आयोग ने आमजन की सुविधा के लिए मतदाता पंजीकरण के फॉर्म-6 और संशोधन के फॉर्म-8 के साथ एसआईआर के दौरान जोड़े गए घोषणा पत्र को हटा दिया है। अब राजस्थान सहित एसआईआर की प्रक्रिया पूर्ण हो चुके अन्य राज्यों में पात्र नागरिक voters.eci.gov.in अथवा ecinet portal के माध्यम से पंजीकरण के लिए फॉर्म-6 ऑनलाइन भर सकते हैं। इसके अलावा अपने क्षेत्र के बूथ स्तरीय अधिकारी (बीएलओ) के माध्यम से भी आवेदन किया जा सकता है।
इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब स्कूल एवं कॉलेजों की ओर से आयोजित किए जाने वाले विशेष कैंपों में पहुंचकर भी पात्र नागरिक मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया को आसानी से समझ सकते हैं और आवेदन कर सकते हैं।
‘कोई पात्र मतदाता ना छूटे’ की मूल भावना के साथ पात्र एवं नव मतदाताओं को मतदाता सूची में जोड़ने की यह प्रक्रिया सहभागी एवं समावेशी लोकतंत्र के उद्देश्य को प्राप्त करने में महत्वपूर्ण होगी।