माली महासभा का प्रांतीय अधिवेशन पुष्कर में 16 अगस्त को, समाज के मुद्दों पर होगा मंथन
पुष्कर में 16 अगस्त को माली महासभा का प्रांतीय अधिवेशन होगा। समाज की एकता, संगठन विस्तार और आगामी चुनावों पर विशेष चर्चा होगी।
राजस्थान प्रदेश माली (सैनी) महासभा का प्रांतीय अधिवेशन 16 अगस्त, रविवार को ब्रह्मा नगरी पुष्कर स्थित होटल न्यू पार्क में आयोजित होगा। अधिवेशन में समाज की एकता, संगठन विस्तार, शिक्षा, युवा सशक्तिकरण और सामाजिक उत्थान से जुड़े विषयों पर विशेष चर्चा की जाएगी।
राजस्थान प्रदेश माली (सैनी) महासभा के प्रदेश महामंत्री गोपाल लाल माली ने बताया कि प्रांतीय अधिवेशन प्रदेश अध्यक्ष ताराचंद गहलोत की अध्यक्षता में आयोजित किया जाएगा। अधिवेशन में समाज के विधायकगण, सांसदगण और चेयरमैन सहित कई जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। राजस्थान के समस्त जिलों से महासभा के कार्यकारिणी सदस्य और पदाधिकारी भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
अधिवेशन में आगामी पंचायतीराज और नगर निकाय चुनावों पर भी विशेष फोकस रहेगा। इसके साथ ही समाज की एकता, संगठन के विस्तार, शिक्षा, युवा सशक्तिकरण और सामाजिक उत्थान को लेकर विचार-विमर्श किया जाएगा।
महासभा के जिलाध्यक्ष भैरूलाल माली ने बताया कि पुष्कर में आयोजित होने वाले प्रांतीय अधिवेशन में भीलवाड़ा से बड़ी तादाद में महासभा से जुड़े सक्रिय कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल होंगे। इस तरह अधिवेशन में प्रदेशभर के पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी के बीच समाज से जुड़े प्रमुख विषयों पर मंथन होगा।