भीलवाड़ा में मानसून ने पकड़ी रफ्तार, हमीरगढ़ में 96 मिमी बारिश; बांधों में बढ़ी पानी की आवक
भीलवाड़ा में मानसून फिर सक्रिय, हमीरगढ़ में 96 मिमी और मांडलगढ़ में 78 मिमी बारिश दर्ज; बांधों में पानी की आवक जारी।
भीलवाड़ा जिले में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। बुधवार सुबह समाप्त हुए 24 घंटों में जिला मुख्यालय सहित विभिन्न ग्रामीण इलाकों और तहसील क्षेत्रों में कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश दर्ज की गई। बारिश से आमजन को उमस और गर्मी से राहत मिली, वहीं बांधों और कैचमेंट एरिया में पानी की आवक भी जारी रही।
जल संसाधन विभाग के बाढ़ नियंत्रण कक्ष के अनुसार बुधवार प्रातः 8:30 बजे तक जिले में सबसे अधिक 96 मिलीमीटर वर्षा हमीरगढ़ तहसील में दर्ज की गई। इसके बाद मांडलगढ़ में 78 मिलीमीटर और भीलवाड़ा मुख्यालय में 45 मिलीमीटर बारिश हुई।
सहाड़ा में 29 मिलीमीटर, कोटड़ी में 28 मिलीमीटर, बिजौलिया में 22 मिलीमीटर और जहाजपुर में 20 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। वहीं बदनोर में 12 मिलीमीटर, बनेड़ा में 11 मिलीमीटर, रायपुर में 7 मिलीमीटर, शाहपुरा में 5 मिलीमीटर, आसींद में 4 मिलीमीटर तथा करेड़ा और फुलियाकलां में 1-1 मिलीमीटर बारिश हुई। हुरडा में बारिश शून्य रही।
कस्बाई और अन्य ग्रामीण क्षेत्रों में कारोई में सर्वाधिक 62 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। काछोला में 26 मिलीमीटर, पारोली और ज्ञानगढ़ में 12-12 मिलीमीटर, शक्करगढ़ में 10 मिलीमीटर, डाबला में 6 मिलीमीटर, बागोर में 5 मिलीमीटर, मोकुंदा में 3 मिलीमीटर और शंभूगढ़ में 1 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई।
बारिश के चलते जिले के जल स्रोतों और प्रमुख बांधों में भी पानी की आवक तेज हुई है। जैतपुरा बांध क्षेत्र में 23 मिलीमीटर, कोठारी बांध में 15 मिलीमीटर, मातृकुंडिया बांध में 13 मिलीमीटर, चंद्रभागा बांध में 10 मिलीमीटर, आगूंचा बांध में 5 मिलीमीटर, सरेड़ी बांध में 4.5 मिलीमीटर और उम्मेदसागर में 2 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई।
वहीं पाटन, खारी और अरवड़ बांध क्षेत्र में बारिश शून्य दर्ज की गई। जिले के विभिन्न हिस्सों में हुई बारिश से जल स्रोतों और बांध क्षेत्रों में पानी की आवक जारी है, जिससे जलस्तर में सुधार का सिलसिला बना हुआ है।