तस्वीर में कमला विहार स्थित राधा-कृष्ण मंदिर परिसर में शिव लिंग के समक्ष बैठी महिलाएं और श्रद्धालु नजर आ रही हैं।

कमला विहार स्थित राधा-कृष्ण मंदिर में ग्यारस एवं सावन के चतुर्थ सोमवार के पावन अवसर पर राधे मंडल की ओर से भव्य भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। धार्मिक आयोजन में महिलाओं और श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर भगवान शिव तथा श्री राधा-कृष्ण की आराधना की।

प्रवक्ता अंकित सोमानी ने बताया कि कार्यक्रम का आयोजन सत्यप्रभा जी सोमानी की ओर से किया गया। सावन माह में भगवान शिव की आराधना के विशेष महत्व को देखते हुए मंदिर परिसर को भक्तिमय वातावरण में सजाया गया। इस अवसर पर भगवान भोलेनाथ का मनमोहक बर्फानी श्रृंगार किया गया। बर्फानी स्वरूप में सजे भोलेनाथ के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह रहा और उन्होंने भाव-विभोर होकर दर्शन किए।

भजन-कीर्तन के दौरान राधे मंडल की महिलाओं एवं अन्य भक्तों ने भगवान शिव और श्री राधा-कृष्ण के भजनों की सुंदर प्रस्तुतियां दीं। भजनों की मधुर धुनों के बीच श्रद्धालु भक्ति में झूमते नजर आए। मंदिर परिसर जयकारों और भजनों से गूंजता रहा। भक्तों ने भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

ग्यारस और सावन के चतुर्थ सोमवार के संयोग पर आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में सभी भक्तों ने मिलकर भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक आनंद का अनुभव किया। राधा मंडल की ओर से आयोजित इस कीर्तन ने श्रद्धालुओं को भगवान की भक्ति से जोड़े रखा।

कार्यक्रम में लीला चेचाणी, पुष्पेंद्र सिंह, आभा, सरोज, रितु, सखी, पार्वती, सुमन सहित राधे मंडल के अनेक भक्त उपस्थित रहे। सभी ने आयोजन की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प लिया।

Tags: