तस्वीर में गंगापुर उपखंड अधिकारी कार्यालय के भीतर निर्वाचन अधिकारी के समक्ष नामांकन पत्र जमा कराते और खड़े हुए संभावित उम्मीदवार व उनके समर्थक दिखाई दे रहे हैं।

गंगापुर नगरपालिका चुनाव महासंग्राम में टिकट की घोषणा से पहले ही संभावित दावेदारों ने अपनी ताकत दिखानी शुरू कर दी है। कांग्रेस और भाजपा ने अभी तक अपने अधिकृत उम्मीदवारों की सूची जारी नहीं की है, लेकिन टिकट की दौड़ में शामिल प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल कर राजनीतिक दलों के नेताओं के सामने अपनी दावेदारी मजबूत करने का संदेश दे दिया है।

शनिवार को गंगापुर उपखंड अधिकारी कार्यालय में नामांकन दाखिल करने के लिए उम्मीदवार अलग-अलग अंदाज में पहुंचे। कोई ढोल-नगाड़ों के साथ समर्थकों का लवाजमा लेकर पहुंचा तो कोई साफा और माला पहनकर अपनी उम्मीदवारी का माहौल बनाता नजर आया। निर्वाचन अधिकारी विवेक गुर्जर के समक्ष शनिवार को कुल 47 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र प्रस्तुत किए।

नामांकन दाखिल करने के साथ ही संभावित उम्मीदवार अब अपने-अपने राजनीतिक आकाओं से टिकट पक्का करवाने की कवायद में जुट गए हैं। कांग्रेस और भाजपा में वार्डवार दावेदारों की लंबी फेहरिस्त ने पार्टी नेतृत्व की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। कई दावेदार समर्थकों की संख्या और राजनीतिक पकड़ का प्रदर्शन कर टिकट के लिए मजबूत दावा पेश कर रहे हैं।

नामांकन के दौरान उमड़ी भीड़ और समर्थकों के जोश ने पार्टी नेताओं को संकेत दे दिया है कि टिकट वितरण आसान नहीं रहने वाला है। एक-एक वार्ड में कई दावेदार टिकट की दौड़ में हैं। ऐसे में पार्टी नेतृत्व के सामने जिताऊ चेहरे का चयन करने के साथ ही टिकट से वंचित होने वाले दावेदारों को साधने की भी बड़ी चुनौती रहेगी।

अधिकृत टिकट की घोषणा से पहले ही उम्मीदवारों द्वारा नामांकन दाखिल कर किए गए शक्ति प्रदर्शन से गंगापुर की चुनावी राजनीति गरमा गई है। अब नजर कांग्रेस और भाजपा की अधिकृत सूची पर टिकी है। टिकट किसके नाम होगा और टिकट नहीं मिलने के बाद कौन बगावत का झंडा उठाएगा, यह आने वाले दिनों में गंगापुर की सियासत का सबसे बड़ा सवाल बना हुआ है। संभावित दावेदारों ने नामांकन के साथ ही अपने राजनीतिक आकाओं को अपनी ताकत का अहसास करा दिया है।

उधर, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंगापुर थाना प्रभारी पुरण मल मीणा पूरे पुलिस जाब्ते के साथ उपखंड अधिकारी कार्यालय परिसर में तैनात रहे। पुलिस ने नामांकन प्रक्रिया के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था संभाली।

Tags: