गंगापुर पालिका में नए कार्यवाहक ईओ का एक्शन मोड, सफाई, जलभराव और अतिक्रमण पर सख्त अभियान के निर्देश
गंगापुर नगरपालिका में नए कार्यवाहक ईओ भानुप्रताप सिंह ने पदभार संभालते ही लंबित प्रकरणों की समीक्षा कर सफाई, जलभराव और अतिक्रमण पर सख्त अभियान के निर्देश दिए।
तस्वीर में गंगापुर नगरपालिका के कार्यवाहक अधिशासी अधिकारी (ईओ) भानुप्रताप सिंह नजर आ रहे हैं।
गंगापुर (भीलवाड़ा)। गंगापुर नगरपालिका में कार्यवाहक अधिशासी अधिकारी (ईओ) भानुप्रताप सिंह ने गुरुवार को पदभार ग्रहण करते ही प्रशासनिक कार्यों में तेजी लाने के संकेत देते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों की बैठक ली। बैठक में उन्होंने राज्य सरकार के फॉलोअप कैंप के दौरान प्राप्त लंबित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की और सभी मामलों का समयबद्ध तथा त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान कार्यवाहक ईओ भानुप्रताप सिंह ने स्पष्ट कहा कि नगरपालिका क्षेत्र के किसी भी वार्ड, गली या मोहल्ले में गंदगी की शिकायत किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सफाई कर्मचारियों और संबंधित अधिकारियों को नियमित सफाई व्यवस्था बनाए रखने तथा कचरे का समय पर उठाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी कि लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कार्मिकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
बारिश के मौसम को देखते हुए उन्होंने जलभराव की समस्या को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा कि जहां भी जलभराव की सूचना मिले, वहां नगरपालिका की टीम तत्काल मौके पर पहुंचकर पानी की निकासी सुनिश्चित करे और आमजन को राहत प्रदान करे। इसके साथ ही उन्होंने नालों और नालियों की नियमित सफाई कराने के निर्देश दिए, ताकि वर्षा के दौरान लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
बैठक में शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया गया। कार्यवाहक ईओ ने बताया कि मुख्य बाजार और सार्वजनिक सड़कों पर अव्यवस्थित रूप से खड़े ठेलों तथा अतिक्रमण को व्यवस्थित करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान पहले संबंधित लोगों को समझाइश दी जाएगी, लेकिन इसके बाद भी नियमों की अवहेलना होने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
कार्यवाहक ईओ भानुप्रताप सिंह ने कहा कि नगरपालिका प्रशासन की पहली प्राथमिकता आमजन से जुड़े कार्यों का त्वरित समाधान, स्वच्छ एवं सुंदर शहर, बेहतर सफाई व्यवस्था, जलभराव से राहत, सुचारु यातायात व्यवस्था तथा पारदर्शी प्रशासन उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के लिए पालिका प्रशासन दृढ़ संकल्पित है। आम नागरिकों की शिकायतों का गंभीरता से निराकरण किया जाएगा और प्रत्येक अधिकारी-कर्मचारी को जवाबदेही के साथ कार्य करना होगा।
उन्होंने कहा कि शहर के समग्र विकास, स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए सभी विभागों के समन्वय से प्रभावी कार्रवाई की जाएगी, जिससे आमजन को बेहतर नगर सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।