तस्वीर में भीलवाड़ा में भाईचारा कमेटी के साथ फूल माला पहने अली हैदर मौजूद हैं।

भीलवाड़ा। पहली बार डिजिटल मतदान से हुए यूथ कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव में अली हैदर ने सर्वाधिक 5336 वोट हासिल कर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वियों को पराजित किया। उनकी इस जीत पर सुभाष नगर भाईचारा कमेटी की ओर से बुधवार को नवनिर्वाचित अध्यक्ष अली हैदर और उनके पिता पीसीसी सदस्य याकूब मोहम्मद का फूल मालाओं और मेवाड़ी पगड़ी पहनाकर अभिनंदन किया गया।

भाईचारा कमेटी के पदाधिकारियों ने अली हैदर को बधाई और मुबारकबाद देते हुए उम्मीद जताई कि यूथ कांग्रेस के शहर जिलाध्यक्ष पद से शुरू हुई हैदर अली की सियासी यात्रा उनके दादा, मरहूम मांडल विधायक हफीज मोहम्मद की विरासत को आगे बढ़ाने में मील का पत्थर साबित होगी।

कमेटी ने कहा कि मरहूम हफीज मोहम्मद भीलवाड़ा जिले में कांग्रेस के कद्दावर नेता रहे। स्वर्गीय मुख्यमंत्री शिवचरण माथुर के दौर में वे भीलवाड़ा जिला प्रमुख बने और कांग्रेस जिला अध्यक्ष का पद भी बखूबी जिम्मेदारी के साथ निभाया। उन्हें मेवाड़ का सबसे बड़ा मुस्लिम लीडर माना जाता रहा। साथ ही वे हिंदू-मुस्लिम एकता के प्रतीक रहे। कमेटी ने अली हैदर को अपने दादा के संस्कारों को आगे बढ़ाने की सलाह दी।

इस अवसर पर कमेटी के संरक्षक शहजाद खान, सदर नाहर खां कायमखानी, नायब सदर फूल मोहम्मद, महासचिव डॉ. फखरुद्दीन मंसूरी, खजांची फखरुद्दीन शेख, बंटी पठान, चांद बाबू, शाहिद खान और सलीम मंसूरी मौजूद थे।

Tags: