तस्वीर में भीलवाड़ा स्थित रामद्वारा धाम के हॉल में श्रद्धालु जमीन पर बैठकर धार्मिक पुस्तक पढ़ते हुए।

भीलवाड़ा, 7 अक्टूबर। अन्तरराष्ट्रीय रामस्नेही सम्प्रदाय शाहपुरा के पीठाघीश्वर जगतगुरू आचार्य स्वामी श्रीरामदयालजी महाराज के सानिध्य में ‘‘विश्व शांति कल्याण’’ चातुर्मास के तहत रामद्वारा धाम में सवा छतीस हजार अनुभव वाणीजी का सामूहिक पाठ श्रद्धा एवं भक्ति के माहौल में जारी है। 27 सितंबर से शुरू हुआ अनुभव वाणीजी का सामूहिक पाठ गुरुवार 8 अक्टूबर को संपूर्ण होगा।

वाणीजी का सामूहिक पाठ करने प्रतिदिन भीलवाड़ा के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु रामद्वारा धाम पहुंच रहे हैं। इस सामूहिक पाठ के माध्यम से महाप्रभु स्वामी रामचरणजी महाराज द्वारा रचित अनुभव वाणी के सवा छतीस हजार पाठ की साधना की जा रही है। इसके साथ परमात्मा की भक्ति तथा सर्व मंगल एवं सुख-शांति की कामना की जा रही है।

अनुभव वाणीजी का सामूहिक पाठ संपूर्ण होने के बाद शुक्रवार से नियमित चातुर्मासिक सत्संग शुरू होगा। इसका समय सुबह 9 से 10 बजे तक रहेगा। वहीं प्रतिदिन रामधुनी के साथ सुबह 8.30 से 9 बजे तक वाणीजी का पाठ होगा। इस प्रकार सामूहिक पाठ के संपूर्ण होने के बाद भी रामद्वारा धाम में नियमित सत्संग और वाणीजी पाठ की साधना जारी रहेगी।

Tags: