भीलवाड़ा में सर्दी से राहत के लिए बच्चों को बांटी गई 1001 वूलन जर्सियां।

भीलवाड़ा में सर्दी के मौसम में जरूरतमंद बच्चों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से निःशुल्क गर्म कपड़ों के वितरण की पहल की गई है। अन्तर्राष्ट्रीय माहेश्वरी कपल क्लब भारत की भीलवाड़ा जिला शाखा की ओर से स्वर्गीय श्री रामजस सोडाणी स्मृति संस्थान भीलवाड़ा के सौजन्य से कच्ची बस्तियों और सरकारी प्राथमिक विद्यालयों में पढ़ने वाले 5 से 10 वर्ष आयु वर्ग के जरूरतमंद बच्चों को 1001 वूलन जर्सियां वितरित की जा रही हैं।

इसी अभियान के तहत बुधवार को स्थानीय गीता भवन सभागार में बागरिया बस्ती के जरूरतमंद बच्चों को वूलन जर्सियों का निःशुल्क वितरण किया गया। कार्यक्रम में अन्तर्राष्ट्रीय माहेश्वरी कपल क्लब भारत के राष्ट्रीय महासचिव डॉ. अशोक सोडाणी एवं गुजरात प्रदेश अध्यक्ष एडवोकेट मुकेश कोठारी ने अपने हाथों से बच्चों को जर्सियां वितरित कीं।

इस अवसर पर एडवोकेट मुकेश कोठारी ने सेवा और सहयोग का संदेश देते हुए कहा, "अगर आप सौ की मदद नहीं कर सकते हैं तो एक की ही मदद कर दीजिए, लेकिन कीजिए जरूर।" उन्होंने जरूरतमंदों की सहायता के लिए अपनी क्षमता के अनुसार आगे आने का आह्वान किया।

क्लब के भीलवाड़ा जिला पदाधिकारी रामचन्द्र मूंदड़ा ने यह जानकारी देते हुए स्वर्गीय श्री रामजस सोडाणी स्मृति संस्थान के निदेशक अनिल सोडाणी एवं एडवोकेट मोहित सोडाणी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि जर्सियां वास्तविक जरूरतमंद बच्चों तक पहुंचें, इसके लिए वितरण की उचित रूपरेखा तैयार की गई है।

इस अभियान के तहत क्लब के जिला पदाधिकारियों के साथ विभिन्न एनजीओ के माध्यम से जरूरतमंद बच्चों को जर्सियां वितरित की जा रही हैं। कच्ची बस्तियों और सरकारी प्राथमिक विद्यालयों के 5 से 10 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के लिए शुरू की गई यह पहल 1001 वूलन जर्सियों के वितरण के लक्ष्य के साथ संचालित की जा रही है।

Tags: