भीलवाड़ा में 16108 तुलसी-शालिग्राम विवाह महोत्सव की मांगलिक शुरुआत हुई
छोटे विनायक की स्थापना के साथ पारंपरिक रस्में शुरू हुईं। आयोजन में गढ़बोर चारभुजानाथ बारात लेकर पहुंचेंगे और मैदान में श्रमदान अभियान चलेगा।
भीलवाड़ा में 20 नवंबर को होने वाले 16108 तुलसी-शालिग्राम विवाह महोत्सव की मांगलिक रस्में शुरू हुईं।
भीलवाड़ा में 20 नवंबर को आयोजित होने जा रहे 16108 श्री तुलसी-शालिग्रामजी विवाह महामहोत्सव की मांगलिक शुरुआत सोमवार को छोटे विनायक की विधि-विधानपूर्वक स्थापना के साथ हुई। आजादनगर स्थित मेडिसिटी ग्राउंड पर होने वाले इस विराट धार्मिक आयोजन में पहली बार राजाधिराज मेवाड़ धणी श्री गढ़बोर चारभुजानाथ बारात लेकर भीलवाड़ा पधारेंगे। उनके साथ भीलवाड़ा के विभिन्न मंदिरों में विराजित भगवान चारभुजानाथ भी बारात लेकर पहुंचेंगे। महोत्सव की तैयारियों के बीच 12 नवंबर से आयोजन स्थल पर विराट श्रमदान महाभियान भी शुरू होगा।
सकल सनातन परिवार की प्रेरणा से श्री तुलसी शालिग्राम विवाह समिति के तत्वावधान में आयोजित होने वाले इस दिव्य महोत्सव को लेकर भीलवाड़ा में उत्साह का माहौल है। शहरवासी इस ऐतिहासिक धार्मिक आयोजन में सहभागी बनने के लिए उत्सुक हैं। महोत्सव के सूत्रधार श्रीविष्णु कृष्ण तनय महाराज के सानिध्य में सोमवार को छोटे विनायक की स्थापना के साथ विवाह की पारंपरिक मांगलिक रस्मों का विधिवत शुभारंभ किया गया।
छोटे विनायक की स्थापना श्री गढ़बोर चारभुजानाथजी के साथ विवाह के लिए विराजित होने वाली तुलसी महारानीजी के धर्म माता-पिता राधेश्याम चेचाणी परिवार, भीलवाड़ा तथा बड़े चारभुजानाथजी के साथ विवाह के लिए विराजित होने वाली तुलसीजी के धर्म माता-पिता रामप्रकाश मनीष बहेड़िया परिवार के आंगन में विधि-विधान से की गई।
आयोजन समिति के वरिष्ठ उपाध्यक्ष छगनलाल जैन ने बताया कि छोटे विनायक की स्थापना के साथ ही तुलसीजी के विवाह की पारंपरिक मांगलिक रस्में शुरू हो गई हैं। वैवाहिक कार्यक्रमों की शुरुआत होते ही धर्म माता-पिता बनने जा रहे श्रद्धालुओं और आयोजन में सहभागी बन रहे भक्तों में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है।
समिति के आचार्य योगेन्द्र शर्मा ने बताया कि महामहोत्सव में बारात लेकर पधारने की विनती के साथ निमंत्रण पत्रिका भीलवाड़ा के भगवान चारभुजानाथ मंदिरों में यजमान परिवारों और समिति सदस्यों की ओर से समर्पित की जा चुकी है। श्री गढ़बोर चारभुजानाथ को मंगल लग्न पत्रिका अर्पित कर बारात लेकर भीलवाड़ा पधारने का निमंत्रण देने के लिए 14 नवंबर को यजमान राधेश्याम रितेश चेचाणी परिवार के साथ मुख्य समिति के सदस्य 21 वाहनों में श्रद्धालुओं के साथ रवाना होंगे।
आयोजन समिति के संयोजक एस.एन. गग्गड़ ने बताया कि मेडिसिटी ग्राउंड में सफाई और स्वच्छता के लिए 12 व 13 नवंबर तथा 15 व 16 नवंबर को सुबह 7.30 बजे से विराट श्रमदान (कारसेवा) महाभियान आयोजित किया जाएगा। आयोजन के सूत्रधार पंडित विष्णु श्रीकृष्ण तनेजी महाराज के सानिध्य में होने वाले इस अभियान में श्रद्धालु और भक्तगण श्रमदान कर मैदान की सफाई करेंगे। उन्होंने आयोजन से जुड़े सभी कार्यकर्ताओं से महोत्सव को सफल बनाने के लिए परिजनों, मित्रों और समाजजनों को भी आयोजन से जोड़ने के निरंतर प्रयास करने की अपील की।
महोत्सव में श्री तुलसीजी के धर्म माता-पिता के रूप में सहभागी बनने के लिए श्रद्धालुओं ने व्यापक उत्साह दिखाया है। भीलवाड़ा शहर सहित विभिन्न स्थानों से हजारों श्रद्धालु धर्म माता-पिता के रूप में पंजीयन करा चुके हैं।
समिति के सह संयोजक दिनेश विजयवर्गीय ने बताया कि महामहोत्सव के कार्यक्रम 17 नवंबर से शुरू होंगे। इसके तहत 17 से 19 नवंबर तक प्रतिदिन दोपहर 1 से 4 बजे तक मेडिसिटी ग्राउंड पर रुक्मिणी मंगल कथा का आयोजन किया जाएगा। कथा का वाचन महोत्सव के सूत्रधार श्रीविष्णु कृष्ण तनय महाराज करेंगे।
आयोजन समिति के उपाध्यक्ष हनुमान अग्रवाल ने बताया कि कथा श्रवण के लिए हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए कार्यक्रम स्थल पर विशाल पांडाल तैयार किया जा रहा है।
महोत्सव की तैयारियों और आयोजन को सफल बनाने में रजनीकांत आचार्य, नंदकिशोर जोशी, सुरेश जोशी, गोविन्द भाटिया, संजय प्रताप सिंह पारीक, गोपीकृष्ण पाटोदिया, गणेश गुप्ता, कौशल्या भाटिया और पं. गौरव भट्ट सहित अन्य कार्यकर्ता समर्पित भाव से जुटे हुए हैं। सभी कार्यकर्ता उन्हें सौंपे गए दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। 20 नवंबर को होने वाले 16108 श्री तुलसी शालिग्रामजी विवाह महामहोत्सव से पहले मांगलिक रस्मों, निमंत्रण कार्यक्रमों और व्यापक स्वच्छता अभियान के जरिए आयोजन की तैयारियां तेज हो गई हैं।