भीलवाड़ा में 16108 तुलसी शालिग्राम विवाह महामहोत्सव की तैयारियां तेज, श्रद्धालुओं ने किया श्रमदान
आजादनगर के मेडिसिटी ग्राउंड में स्वच्छता अभियान के साथ पुलिस व प्रशासन ने सुरक्षा और पार्किंग व्यवस्था का जायजा लिया। गढ़बोर चारभुजानाथ भी बारात लेकर पधारेंगे।
पुलिस अधिकारी और प्रशासनिक कर्मी कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर रहे हैं।
भीलवाड़ा में 20 नवंबर को आयोजित होने जा रहे 16108 श्री तुलसी शालिग्रामजी विवाह महामहोत्सव को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। आजादनगर स्थित मेडिसिटी ग्राउंड पर आयोजन स्थल की सफाई और स्वच्छता के लिए गुरुवार से श्रद्धालुओं ने श्रमदान का महाभियान शुरू किया। वहीं, सुरक्षा और यातायात व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी भी कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे।
सकल सनातन परिवार की प्रेरणा से श्री तुलसी शालिग्राम विवाह समिति के तत्वावधान में आयोजित होने वाले इस धार्मिक महामहोत्सव के सूत्रधार गौवत्स विष्णुश्री कृष्णतनय महाराज के सानिध्य में सुबह बड़ी संख्या में श्रद्धालु मेडिसिटी ग्राउंड पहुंचे। आयोजन समिति के संयोजक एस.एन. गग्गड़ ने बताया कि श्रद्धालुओं के सहयोग से विशाल मैदान की सफाई की जा रही है। श्रमदान अभियान में युवाओं, बुजुर्गों और महिलाओं सहित सभी आयु वर्ग के भक्तों ने भाग लिया। श्रद्धालुओं ने मैदान में उगी झाड़ियों को हटाने के साथ कंकड़-पत्थर भी साफ किए।
श्रमदान अभियान शुक्रवार को सुबह 7.30 बजे से जारी रहेगा। इसके बाद 15 और 16 नवंबर को भी श्रमदान किया जाएगा। आयोजन स्थल पर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए भीलवाड़ा शहर पुलिस उप अधीक्षक सज्जन सिंह, यातायात पुलिस प्रभारी बाबूलालजी, प्रतापनगर थाना प्रभारी सुनील टाड़ा, पुष्पा कासोटिया सहित पुलिस अधिकारी मेडिसिटी ग्राउंड पहुंचे। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था और वाहनों की पार्किंग के लिहाज से की जा रही तैयारियों पर चर्चा की तथा पुलिस प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
श्रमदान अभियान में आयोजन समिति के आचार्य पंडित योगेन्द्र शर्मा, संयोजक एस.एन. गग्गड़, समिति के कार्यालय प्रभारी रजनीकांत आचार्य, गोपीकिशन पाटोदिया, वरिष्ठ उपाध्यक्ष छगनलाल जैन, उपाध्यक्ष हनुमान अग्रवाल, मुकेश चेचाणी, प्रेमप्रकाश पुरोहित, जगदीश वैष्णव, मुकेश राठी, श्याम झंवर, रतनलाल, अनिल पारीक, अनिल टेलर, श्याम पुरोहित, अनिल बनेड़ा, रविकांत शर्मा, शुभम, रतन अजमेरा, जगदीश जांगिड़, महेश पांडेय, प्रहलाद अजमेरा, गोपाल सुवालका और बछराज सिंह सहित भीलवाड़ा के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
गौरतलब है कि आजादनगर स्थित मेडिसिटी ग्राउंड पर 20 नवंबर को 16108 श्री तुलसी शालिग्रामजी विवाह महामहोत्सव का भव्य आयोजन होगा। इस आयोजन में पहली बार राजाधिराज मेवाड़ धणी श्री गढ़बोर चारभुजानाथ बारात लेकर भीलवाड़ा पधारेंगे। उनके साथ भीलवाड़ा के विभिन्न मंदिरों में स्थापित भगवान चारभुजानाथ भी बारात लेकर पहुंचेंगे।
महामहोत्सव के चार दिवसीय कार्यक्रम 17 नवंबर से शुरू होंगे। इसके तहत 17 से 19 नवंबर तक प्रतिदिन दोपहर 1 से 4 बजे तक मेडिसिटी ग्राउंड में रुक्मिणी मंगल कथा आयोजित की जाएगी। कथा का वाचन आयोजन के सूत्रधार श्रीविष्णु कृष्ण तनय महाराज करेंगे। कथा श्रवण के लिए हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए आयोजन स्थल पर विशाल पांडाल तैयार किया जा रहा है।
आयोजन समिति के अनुसार, भीलवाड़ा शहर के साथ विभिन्न स्थानों के हजारों श्रद्धालुओं ने धर्म माता-पिता के रूप में पंजीयन कराया है। समिति ने भीलवाड़ा के श्रद्धालुओं से अपील की है कि इस महाआयोजन को सफल बनाने के लिए वे अपने परिजनों, मित्रों और समाजजनों को भी इससे जोड़ने के निरंतर प्रयास करें। श्रमदान से लेकर सुरक्षा और आयोजन संबंधी तैयारियों तक, महामहोत्सव को लेकर विभिन्न स्तरों पर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।