तस्वीर में भीलवाड़ा में रात के समय प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की संयुक्त टीम द्वारा सड़क किनारे खड़ी स्लीपर और लग्जरी बसों का निरीक्षण किया जा रहा है।

भीलवाड़ा। यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और सार्वजनिक परिवहन में सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराने के उद्देश्य से राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशानुसार भीलवाड़ा में स्लीपर एवं लग्जरी बसों के खिलाफ विशेष संयुक्त अभियान चलाया गया। देर रात होटल लैंडमार्क, बापूनगर चौराहा, पुर बाईपास और अजमेर रोड पर सघन जांच अभियान के दौरान सुरक्षा मानकों का उल्लंघन मिलने पर 5 बसों के कुल 57,400 रुपये के चालान किए गए।

यह कार्रवाई जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव रश्मि आर्य, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट देवांगिनी औदिच्य, जिला परिवहन अधिकारी रामकृष्ण चौधरी, परिवहन निरीक्षक लवलेश व मनीष तथा यातायात पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई। जांच के दौरान बसों की फिटनेस, परमिट, बीमा, अग्निशमन यंत्र, आपातकालीन निकास, फर्स्ट एड बॉक्स, इमरजेंसी हैमर, चालक के दस्तावेज तथा यात्री सुरक्षा से जुड़े अन्य सभी आवश्यक मानकों की बारीकी से पड़ताल की गई।

अभियान के दौरान कुल 7 स्लीपर एवं लग्जरी बसों का निरीक्षण किया गया। मोटर वाहन अधिनियम और सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर 5 बसों के खिलाफ कुल 57,400 रुपये के चालान काटे गए। वहीं जिन बसों में सभी आवश्यक दस्तावेज और सुरक्षा व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप पाई गईं, उन्हें उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव रश्मि आर्य ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सुरक्षा मानकों की अनदेखी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण ने इस विशेष अभियान की अवधि 15 अगस्त 2026 तक बढ़ा दी है।

उन्होंने बताया कि आगामी दिनों में जिले के राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों, टोल नाकों और प्रमुख मार्गों पर बिना पूर्व सूचना के यह अभियान लगातार जारी रहेगा। यात्रियों से भी अपील की गई है कि यात्रा शुरू करने से पहले बस में इमरजेंसी एग्जिट, फायर सेफ्टी, फर्स्ट एड बॉक्स और इमरजेंसी हैमर जैसी सुरक्षा सुविधाओं की जांच अवश्य करें। यदि किसी प्रकार की कमी मिले तो इसकी सूचना तत्काल जिला परिवहन विभाग, यातायात पुलिस या जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को दें।

निरीक्षण के दौरान एलएडीसीएस अधिवक्ता सुनिल पारीक, सुरेश प्रजापत, प्राधिकरण के निजी सहायक दीपक अग्रवाल तथा कनिष्ठ सहायक जनार्दन अध्याय भी मौजूद रहे। यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुरू किया गया यह विशेष अभियान 15 अगस्त 2026 तक जिले में लगातार जारी रहेगा।

Tags: