तस्वीर में भीलवाड़ा के पेंच एरिया स्थित बालाजी मंदिर के शिवालय में भगवान शिव की मूर्ति के सामने खड़े होकर पूजा-अर्चना और दर्शन करते हुए श्रद्धालु दिखाई दे रहे हैं।

भीलवाड़ा में भगवान शंकर के प्रिय मास श्रावण शुक्ल एकादशी के अवसर पर रविवार, 23 अगस्त 2026 को पेंच एरिया स्थित बालाजी मंदिर के शिवालय में लगातार 16वें वर्ष विशाल गंगाजल सहस्त्रधारा महाभिषेक का आयोजन होगा। हरिद्वार की हर की पैड़ी से लाए गए 21,000 लीटर गंगाजल से भगवान शिव का महाभिषेक दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक किया जाएगा।

अभिषेक से पूर्व मंदिर के सिंह द्वार पर गंगाजल के टैंकर का प्रत्यक्ष गंगा भाव से बजरंग मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष अनिल कुमार मानसिंहका सपरिवार पूजन कर कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे। शुभारंभ के साथ ही शहनाई, बैंड-बाजे और ढोल-धमाकों की धूम रहेगी।

महाभिषेक भीलवाड़ा जिले के 51 विद्वान पंडितों द्वारा पंडित वासुदेव, राघव, केशव एवं युगराज के सानिध्य में संपन्न कराया जाएगा। इसके साथ ही श्री हनुमान जी महाराज का वाल्मीकि सुंदरकांड से अभिषेक किया जाएगा।

अभिषेक की पूर्णाहुति के बाद भगवान शंकर का आकर्षक श्रृंगार किया जाएगा। इसके बाद नाथद्वारा से मंगाए गए 1008 कमल पुष्प भगवान शिव को अर्पित किए जाएंगे। केसर पेड़े और फलों का नैवेद्य अर्पित करने के बाद महाआरती होगी तथा प्रसाद भक्तों में वितरित किया जाएगा।

आयोजन में धार्मिक संतों, जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारी वर्ग को निमंत्रित किया गया है। यह आयोजन सत्यनारायण ललित, दीपक और अशोक मैलाणा परिवार द्वारा कराया जा रहा है। पंडित आशुतोष शर्मा ने सभी धर्मप्रेमियों से आयोजन में भाग लेने का अनुरोध किया है।

Tags: