भीलवाड़ा में 24 से 26 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले मिसेज करवा चौथ क्वीन 2026 का पोस्टर।

भीलवाड़ा में पहली बार करवा चौथ के अवसर पर महिलाओं के हुनर, खूबसूरती और पारंपरिक संस्कृति को मंच देने के लिए तीन दिवसीय ‘मिसेज करवा चौथ क्वीन 2026’ का आयोजन किया जाएगा। जिला यूनेस्को एसोसिएशन एवं इंस्पायर्ड जीआर स्टार इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में फैशन शो, रैम्प शो और ब्यूटी पेजेंट के जरिए महिलाओं की प्रतिभा को प्रदर्शित किया जाएगा। आयोजन 24 अक्टूबर शनिवार से 26 अक्टूबर सोमवार तक शहर के आर.के. आरसी व्यास नगर स्थित माहेश्वरी भवन में होगा।

स्टेट फेडरेशन ऑफ यूनेस्को एसोसिएशन इन राजस्थान के प्रदेश संयोजक गोपाल लाल माली ने बताया कि यूनेस्को पिछले 40 वर्षों से भारतीय त्योहारों को विशेष प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करता आ रहा है। यूनेस्को का उद्देश्य सेवा और सद्भाव के साथ क्षेत्रीय परंपरागत रीति-रिवाजों और महापर्वों को भी बढ़ावा देना है। इसी पहल के तहत भीलवाड़ा में पहली बार ‘मिसेज करवा चौथ क्वीन 2026’ का आयोजन किया जा रहा है।

फैशन आइकॉन जया चौहान के नेतृत्व में होने वाले इस समारोह में करवा चौथ सेलिब्रेशन के साथ फैशन शो भी आयोजित होगा। तीन दिवसीय कार्यक्रम के दौरान ग्रैंड फिनाले का मंच सजेगा, जहां रैम्प शो और ब्यूटी पेजेंट में महिलाओं की प्रतिभा और खूबसूरती देखने को मिलेगी। आयोजन के माध्यम से पारंपरिक पर्व को फैशन से जोड़ते हुए महिलाओं के विभिन्न कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। कार्यक्रम में गुरुकृपा इलेक्ट्रिक, जवाहर फाउंडेशन और विवाह ज्वेलरी का विशेष सहयोग रहेगा।

जिला यूनेस्को एसोसिएशन के अध्यक्ष ललित अग्रवाल ने बताया कि तीन दिवसीय ट्रेड फेयर में आम लोगों का प्रवेश निशुल्क रहेगा। समारोह को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए जिला यूनेस्को एसोसिएशन की ओर से आयोजन समिति गठित की गई है। समिति में साधना मेलाना को आयोजन संयोजक और मधु लोढ़ा को सह संयोजक बनाया गया है।

आयोजन समिति में यूनेस्को के कार्यकारी अध्यक्ष दिनेश जैन, सचिव जगदीश चन्द्र मून्दड़ा, कोषाध्यक्ष विशाल विजयवर्गीय, संगठन मंत्री कमलेश जाजू और श्रीमती उषा अग्रवाल को शामिल किया गया है। समिति के सदस्य पूरे कार्यक्रम को सफल बनाने में सहभागिता निभाएंगे। आयोजन को लेकर संगठन के पदाधिकारी और सदस्य तैयारियों में जुट गए हैं।

Tags: