भीलवाड़ा में अवैध बजरी खनन पर बडलियास पुलिस का बड़ा एक्शन, 3 ट्रैक्टर-ट्रॉलियां जप्त, चालक फरार

भीलवाड़ा के बडलियास थाना पुलिस ने अवैध बजरी खनन और परिवहन पर बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियां जप्त कीं। जानिए पूरी कार्रवाई कैसे हुई।

Update: 2026-07-04 08:16 GMT

राज्य सरकार द्वारा अवैध बजरी खनन और परिवहन करने वालों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बडलियास थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर अवैध बजरी से भरी और खनन में प्रयुक्त तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को जप्त किया है। पुलिस ने तीनों मामलों में प्रकरण दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।

यह कार्रवाई भीलवाड़ा जिला पुलिस अधीक्षक सागर के आदेशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) पारस जैन के निर्देशन तथा वृत्ताधिकारी (वृत्त माण्डलगढ़) योगेश शर्मा के सुपरविजन में बडलियास थानाधिकारी जसवंत सिंह के नेतृत्व में की गई।

पहली कार्रवाई 2 जुलाई 2026 की रात को की गई। बडलियास थाने के सहायक उपनिरीक्षक जेठमल मय जाप्ता सरकारी बोलेरो जीप से हल्का गश्त पर थे। रात करीब 11:30 बजे टीम सोलंकियों का खेड़ा पहुंची, जहां मुखबिर से सूचना मिली कि बनास नदी से अवैध बजरी भरकर ट्रैक्टर पीथास होते हुए सोलंकियों का खेड़ा की ओर आ रहे हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम पीथास के पास पहुंची, जहां सामने से बजरी से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली आती दिखाई दी। पुलिस की जीप देखकर चालक घबरा गया और ट्रैक्टर-ट्रॉली को सड़क पर ही छोड़कर खेतों की ओर भाग निकला। पुलिस ने बिना नम्बर के ट्रैक्टर मय बजरी से भरी ट्रॉली को जप्त कर थाने में खड़ा कराया। मामले में प्रकरण दर्ज कर खनिज विभाग को भी सूचित किया गया है।

दूसरी कार्रवाई 3 जुलाई 2026 को भाकलिया बनास नदी क्षेत्र में की गई। हैड कांस्टेबल सांवलदान मय जाप्ता गश्त पर थे, तभी दूरभाष पर सूचना मिली कि भाकलिया बनास नदी के भीतर मजदूरों से ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में अवैध बजरी भरवाई जा रही है।

सूचना पर पुलिस टीम तत्काल करेड-भाकलिया गांव के बीच बनास नदी में पहुंची। पुलिस को मौके पर पहुंचता देख खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया और चालक मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मौके से दो ट्रैक्टर जप्त किए। वहीं एक ट्रैक्टर नदी में बजरी भरने के लिए खड़ा मिला।

पुलिस ने दोनों मामलों में मुकदमा दर्ज कर लिया है तथा अग्रिम कार्रवाई के लिए खनिज अभियंता को सूचित कर दिया है। अवैध बजरी खनन और परिवहन के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई इस कार्रवाई में कुल तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियां जप्त की गई हैं।

Tags:    

Similar News