स्विफ्ट कार की डिग्गी से 40 किलो 385 ग्राम डोडा चूरा बरामद, तस्कर गिरफ्तार
भीलवाड़ा में सदर थाना पुलिस ने 27 अगस्त को आकोला चौराहे के पास स्विफ्ट कार से 40 किलो 385 ग्राम अवैध डोडा चूरा बरामद किया। पुलिस ने आरोपी राधेश्याम को गिरफ्तार कर कार जब्त की।
भीलवाड़ा में सदर थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए स्विफ्ट कार से 40 किलो 385 ग्राम अवैध डोडा चूरा बरामद किया है। पुलिस ने मादक पदार्थ के परिवहन में प्रयुक्त कार को जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
सदर थानाधिकारी प्रहलाद सहाय ने बताया कि 27 अगस्त 2026 को गश्त के दौरान एएसआई फूलचंद मीणा को मुखबिर से सूचना मिली कि आकोला चौराहे के पास सफेद रंग की एक संदिग्ध स्विफ्ट कार खड़ी है, जिसमें अवैध मादक पदार्थ होने की पूरी संभावना है। सूचना मिलने पर थानाधिकारी मय जाप्ता मौके पर पहुंचे और वाहन चालक को डिटेन किया।
पूछताछ के दौरान चालक ने अपना नाम राधेश्याम 34 पुत्र रामाराम सरगरा निवासी मेघवालों का बास, बीसलपुर, जोधपुर बताया। पुलिस ने स्विफ्ट कार की डिग्गी की तलाशी ली तो उसमें दो काले प्लास्टिक के कट्टे मिले। इलेक्ट्रॉनिक कांटे से वजन करने पर दोनों कट्टों में कुल 40 किलो 385 ग्राम अवैध डोडा चूरा पाया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी राधेश्याम डोडा चूरा के परिवहन से संबंधित कोई वैध लाइसेंस या परमिट प्रस्तुत नहीं कर सका। इस पर पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने अवैध डोडा चूरा और उसके परिवहन में प्रयुक्त स्विफ्ट कार को भी जब्त कर लिया है। मामले में आगे की अनुसंधान जारी है।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली विशेष टीम में थानाधिकारी प्रहलाद सहाय, डीएसपी प्रभारी कन्हैयालाल, एएसआई फूलचंद, हैड कांस्टेबल विजय सिंह (विशेष योगदान), कालूराम धायल सहित सदर थाने के अन्य पुलिसकर्मी और डीएसटी टीम के सदस्य शामिल रहे। पुलिस की कार्रवाई में 40 किलो 385 ग्राम अवैध डोडा चूरा की जब्ती और परिवहन में प्रयुक्त वाहन की बरामदगी के साथ आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।