नगर पालिका चुनाव 2026: प्रत्येक मतदान भवन पर बनेगा मतदाता सहायता केन्द्र, मिलेगी बूथ की पूरी जानकारी
भीलवाड़ा में नगर पालिका आम चुनाव 2026 के लिए प्रत्येक मतदान भवन पर मतदाता सहायता केन्द्र स्थापित होंगे। बूथ लेवल अधिकारी मतदाताओं को सही मतदान केन्द्र और मतदाता क्रमांक की जानकारी देंगे।
भीलवाड़ा, 25 अगस्त। नगर पालिका आम चुनाव 2026 के दौरान मतदाताओं को उनके सही मतदान केन्द्र तक पहुंचने में मार्गदर्शन देने के लिए प्रत्येक मतदान भवन पर ‘मतदाता सहायता केन्द्र’ स्थापित किए जाएंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देशानुसार इन केन्द्रों पर बूथ लेवल अधिकारी स्तर के कार्मिकों की नियुक्ति की जाएगी।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अतिरिक्त कलक्टर डॉ. हरीतिमा ने बताया कि प्रत्येक मतदाता सहायता केन्द्र पर नियुक्त कार्मिक के पास संबंधित मतदान भवन की मतदाता सूची उपलब्ध रहेगी। कार्मिक मतदाताओं को उनके सही मतदान केन्द्र तक पहुंचने में मार्गदर्शन देने के साथ ही मतदाता सूची में दर्ज उनका मतदाता क्रमांक बताने में भी सहायता करेंगे।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक मतदाता सहायता केन्द्र पर पदस्थापित कार्मिकों के मोबाइल फोन नम्बर भी संकलित किए जाएंगे। मतदान दिवस पर मतदान केन्द्रों से संबंधित आवश्यक गतिविधियों और व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त करने तथा आवश्यक समन्वय सुनिश्चित करने में इन मोबाइल नम्बर का उपयोग किया जाएगा।
नगर पालिका आम चुनाव 2026 के तहत की जा रही यह व्यवस्था मतदाताओं को मतदान भवन में अपने संबंधित मतदान केन्द्र और मतदाता क्रमांक की जानकारी उपलब्ध कराने के साथ मतदान दिवस की आवश्यक व्यवस्थाओं के समन्वय में भी सहायक होगी।