तस्वीर में भीलवाड़ा में नगर निगम के औचक निरीक्षण के दौरान अधिकारी स्थानीय नागरिकों और कर्मचारियों से चर्चा करते नजर आ रहे हैं।

भीलवाड़ा में शहर की सफाई और सीवरेज व्यवस्था को लेकर नगर निगम प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिला कलेक्टर एवं नगर निगम प्रशासक जसमीत सिंह संधू के निर्देशानुसार आयुक्त कमल सिंह यादव ने गुरुवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कई स्थानों पर व्यवस्थाएं संतोषजनक नहीं मिलने पर संबंधित अधिकारियों और संवेदकों को सख्त निर्देश दिए गए तथा नोटिस जारी करने की कार्रवाई की गई।

निरीक्षण के दौरान वार्ड नं. 20 के आजाद नगर क्षेत्र में स्थित दो कचरा स्टैण्ड पर कचरा अत्यंत अव्यवस्थित रूप से फैला मिला। स्थिति पर नाराजगी जताते हुए आयुक्त ने संबंधित स्वास्थ्य निरीक्षक को मात्र दो घंटे के भीतर कचरा पूरी तरह उठवाने के कड़े निर्देश दिए।

इसके बाद वार्ड नं. 29 में खाटू श्याम मंदिर के पास निरीक्षण किया गया। यहां सीवरेज लाइन से गंदा पानी बहता हुआ मिला। आयुक्त ने संबंधित अमले को आज ही सीवरेज लाइन का लीकेज दुरुस्त करने के निर्देश दिए। साथ ही सड़क पर हुए गड्ढों को भी अतिशीघ्र ठीक करवाने को कहा गया।

निरीक्षण की अगली कड़ी में कावांखेड़ा बड़ा पार्क का जायजा लिया गया। यहां पार्क की सफाई व्यवस्था और घास की कटिंग संतोषजनक नहीं पाई गई। इस पर संबंधित संवेदक के खिलाफ तुरंत नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।

इससे पहले 03 सितंबर को दोपहर की पारी में शहर के विभिन्न वार्डों में विशेष सफाई अभियान भी चलाया गया। अभियान के तहत कुल 16 टीमों का गठन किया गया, जिन्होंने शहर के 18 वार्डों में सघन साफ-सफाई का कार्य किया।

विशेष सफाई अभियान में वार्ड संख्या 03, 07, 08, 19, 21, 33, 34, 42, 43, 44, 47, 49, 50, 51, 56, 63, 65 और 66 को शामिल किया गया। इन सभी वार्डों में तैनात टीमों ने पूरी मुस्तैदी के साथ सफाई व्यवस्था को सुचारू बनाया।

जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू ने आगे भी इसी प्रकार निरीक्षण कर व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं। औचक निरीक्षण और विशेष सफाई अभियान के जरिए नगर निगम ने सफाई, सीवरेज और पार्कों की व्यवस्थाओं में लापरवाही पर जवाबदेही तय करने का स्पष्ट संकेत दिया है।

Tags: