भीलवाड़ा में स्वच्छता व्यवस्था को लेकर नगर निगम ने खुले में कचरा फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। नगर निगम आयुक्त श्री कमल सिंह यादव के निर्देशानुसार 21 सितंबर को निगम की टीम ने शहर में दो अलग-अलग स्थानों पर औचक निरीक्षण किया और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर आर्थिक दंड लगाया।

निगम टीम के निरीक्षण के दौरान ICA कॉलेज के बाहर खुलेआम कचरा फेंका जाना पाया गया। इस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित पर ₹5,000 का जुर्माना लगाया गया और रसीद काटी गई।

इसके अलावा, होटल बाज द्वारा शादी समारोह का कचरा एक ट्रैक्टर में भरवाकर शहर के एक खाली प्लॉट में अवैध रूप से खाली करवाया जा रहा था। सूचना मिलने पर नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची और कचरे को वापस होटल बाज में ही डलवाया। नियमों का उल्लंघन करने पर होटल बाज पर ₹4,000 का जुर्माना लगाया गया और रसीद काटी गई।

नगर निगम प्रशासन ने शहर के सभी होटल संचालकों और संस्थानों को कड़ी चेतावनी दी है कि वे कचरा खुले में न फेंकें। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ इसी प्रकार की सख्त कानूनी कार्रवाई और आर्थिक दंड जारी रहेगा।

Tags: