भीलवाड़ा: 1 करोड़ के हाई ट्रांसमिशन तार चोरी मामले में 'मामा गैंग' के 7 गिरफ्तार
पावर ग्रिड में काम कर चुके आरोपी सैटेलाइट मैप से टावरों की रेकी कर रात में आरी से काटते थे 765 केवी लाइन के तार।
तस्वीर में पुलिस द्वारा जब्त की गई बोलेरो पिकअप और स्कॉर्पियो गाड़ियां खड़ी दिख रही हैं।
भीलवाड़ा जिले की बनेड़ा थाना पुलिस ने अंतरराज्यीय ‘मामा गैंग’ का भंडाफोड़ करते हुए करीब 1 करोड़ रुपये कीमत के 765 केवी हाई ट्रांसमिशन लाइन के तार चोरी करने वाले 7 शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई एक स्कॉर्पियो और महिंद्रा बोलेरो पिकअप भी जब्त की है।
बनेड़ा थाना क्षेत्र के राक्षी, मेघरास और सादास इलाके में ब्यावर-मंदसौर 765 केवी लाइन से करीब 2080 मीटर लंबा हाई ट्रांसमिशन तार काटकर चोरी किया गया था। चोरी किए गए तार की अनुमानित कीमत लगभग 1 करोड़ रुपये बताई गई है। घटना के संबंध में ट्रांसमिशन लाइन निर्माण कार्य में कार्यरत सहायक प्रबंधक की रिपोर्ट पर मामला दर्ज किया गया था। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की।
शाहपुरा जिला पुलिस अधीक्षक सागर राणा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंजुम कायल और पुलिस उप अधीक्षक नाना लाल सालवी की देखरेख में बनेड़ा थानाधिकारी ओमप्रकाश कासनिया के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने बीटीएस डेटा, सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज और साइबर सेल की मदद से संदिग्धों को चिन्हित किया। इसके बाद दबिश देकर गिरोह के सदस्यों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में महेंद्र पुत्र ओमप्रकाश काजला जाट, उम्र 33 वर्ष, निवासी ठिकरिया, पुलिस थाना थोई, जिला सीकर; राकेश पुत्र शंकर लाल रोलाण जाट, उम्र 24 वर्ष, निवासी लाम्बा की ढाणी, कांवट, पुलिस थाना थोई, जिला सीकर; संदीप लाम्बा पुत्र राजेन्द्र प्रसाद लाम्बा जाट, उम्र 24 वर्ष, निवासी लाम्बा की ढाणी, कांवट, पुलिस थाना थोई, जिला सीकर; नितिन सैन पुत्र सुरज्ञान सैन, उम्र 23 वर्ष, निवासी कांवट, पुलिस थाना थोई, जिला सीकर; राकेश कुमार पुत्र रामकुमार स्वामी, उम्र 27 वर्ष, निवासी भादवाड़ी, पुलिस थाना थोई, जिला सीकर; महिपाल पुत्र रामेश्वर लाल जाट, उम्र 32 वर्ष, निवासी कांवट, पुलिस थाना थोई, जिला सीकर और मनोज कुमार पुत्र मंगल चन्द यादव, उम्र 26 वर्ष, निवासी कांवट शामिल हैं।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि गिरोह के कुछ सदस्यों को पूर्व में पावर ग्रिड में काम करने का अनुभव था। आरोपी सैटेलाइट मैप की मदद से सुनसान इलाकों में स्थित टावरों की रेकी करते थे। इसके बाद रात के अंधेरे में खंभों पर चढ़कर आरी और फंडर से हाई ट्रांसमिशन तार काट लेते थे।
गिरोह के सदस्य वारदात के दौरान स्कॉर्पियो से रेकी करते थे और काटे गए तार को महिंद्रा बोलेरो पिकअप में भरकर ले जाते थे। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है। पुलिस गिरोह से अन्य वारदातों के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है। करीब 2080 मीटर हाई ट्रांसमिशन तार की चोरी के इस मामले में अंतरराज्यीय गिरोह के 7 आरोपियों की गिरफ्तारी से पुलिस जांच अब अन्य संभावित वारदातों तक पहुंचने की दिशा में आगे बढ़ रही है।