बदनौर थाना क्षेत्र के चौनपुरा गांव में 72 वर्षीय बुजुर्ग महिला सीता देवी की हत्या और जेवरात लूट के मामले का ब्यावर पुलिस ने महज 6 घंटे में खुलासा कर दिया। पुलिस ने वारदात के संदिग्ध आरोपी दिलीप और आकाश को दबोच लिया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में दोनों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है।

12 अगस्त की सुबह चौनपुरा निवासी राजू लाल रेगर ने बदनौर थाने में शिकायत दर्ज कराई कि उनकी बड़ी मम्मी सीता देवी पत्नी स्वर्गीय लालू राम, उम्र 72 वर्ष, घर में अकेली रहती थीं। सुबह जब वह घर के बाहर दिखाई नहीं दीं तो परिजनों ने अंदर जाकर देखा। सीता देवी खाट पर मृत अवस्था में पड़ी थीं।

पुलिस के अनुसार बदमाशों ने वारदात को अंजाम देते हुए सीता देवी के गले से सोने का मांदलिया, कमर से चांदी का कंदोरा तथा पैरों से चांदी के कड़े और जोड़ लूट लिए। घटनास्थल पर टूटी हुई चूड़ियां और बिखरा सामान मिला।

घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक रतन सिंह और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. अनुकृति उज्जैनियां स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे। घटनास्थल का एफएसएल, एमओबी और डॉग स्क्वायड की मदद से बारीकी से निरीक्षण कराया गया।

वृत्ताधिकारी मसूदा शिवराज सिंह और वृत्ताधिकारी ब्यावर राजेश कसाना के नेतृत्व में बदनौर, मसूदा और विजयनगर थानाधिकारियों तथा डीएसटी प्रभारी समेत साइबर सेल की कई विशेष टीमें गठित की गईं। पुलिस टीमों ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और गुप्त सूचना तंत्र को सक्रिय किया।

तकनीकी साक्ष्यों और गोपनीय सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध दिलीप और आकाश को कस्टडी में लिया। पुलिस के अनुसार कड़ाई से पूछताछ करने पर दोनों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।

पुलिस का कहना है कि दोनों संदिग्धों से रिमांड प्राप्त कर लूटे गए जेवरात की बरामदगी और गहन पूछताछ की कार्रवाई की जाएगी। हत्या और लूट की वारदात में पुलिस की त्वरित कार्रवाई के बाद अब लूटे गए जेवरात की बरामदगी और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जाएगी।

कार्रवाई में शंभुदयाल मीणा थानाधिकारी बदनोर, राजवीर सिंह थानाधिकारी विजयनगर, राजदिपेन्द्र सिंह प्रभारी डीएसटी ब्यावर, विजय सिंह थानाधिकारी मसूदा, पवन सिंह साइबर सेल, रामचन्द्र (कार्यालय अति. पु. अ.), इन्द्रजीत सिंह, रामजस मीणा, जितेन्द्र सिंह, भवानी सिंह, सुरेन्द्र सिंह, विजय एमओबी शाखा, बलवीर सिंह, विजेन्द्र सिंह, नैना सिंह, सुनिल कुमार, बनवारी, विरेन्द्र, विजय और अजरूदिन शामिल रहे।

Tags: