भीलवाड़ा। मांडलगढ़ थाना क्षेत्र में जमीन को लेकर चल रहा पुराना विवाद हिंसक संघर्ष में बदल गया। कहासुनी के बाद दो पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते दोनों ओर से लाठियों और धारदार हथियारों से हमला शुरू हो गया। इस संघर्ष में पांच लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए राजकीय अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

पुलिस के अनुसार, गुर्जर समाज के दो पक्षों के बीच जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी तनातनी के बीच दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, जिसके बाद मामला मारपीट तक पहुंच गया। दोनों तरफ से हुए हमले में एक पक्ष के हेमराज, सुखपाल और विनोद घायल हो गए, जबकि दूसरे पक्ष के रघुनाथ और शिवलाल को भी चोटें आईं।

घटना के बाद सभी पांच घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। मामले में फिलहाल एक पक्ष की ओर से रामचंद्र ने सूरजा सहित अन्य लोगों के खिलाफ पुलिस को रिपोर्ट दी है। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, दूसरे पक्ष की ओर से अभी तक पुलिस में शिकायत पेश नहीं की गई है।

जमीन विवाद को लेकर हुए इस हिंसक संघर्ष में दोनों पक्षों के पांच लोगों के घायल होने के बाद पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। अब जांच के दौरान यह स्पष्ट होगा कि विवाद के दौरान मारपीट की शुरुआत किसने की और इस घटना के लिए कौन जिम्मेदार है।

Tags: