भीलवाड़ा: जिला यूनेस्को एसोसिएशन ने 100 गरीब परिवारों के साथ मनाई दीपावली
आर्थिक तंगी से जूझ रहे कच्ची बस्ती के परिवारों के बीच त्योहार की खुशियां साझा करने के उद्देश्य से सदस्यों ने मिठाई, पटाखे और उपहार सामग्री वितरित की।
भीलवाड़ा की कच्ची बस्ती में दीपावली मनाते हुए गरीब परिवारों के बच्चों को उपहार बांटते यूनेस्को सदस्य।
भीलवाड़ा। दीपावली की खुशियां केवल अपने घरों तक सीमित न रहें, इसी उद्देश्य से जिला यूनेस्को एसोसिएशन ने गरीब परिवारों के बच्चों के बीच पहुंचकर रोशनी का पर्व मनाया। स्टेट फेडरेशन ऑफ यूनेस्को एसोसिएशन इन राजस्थान के प्रदेश संयोजक गोपाल लाल माली के सानिध्य में यूनेस्को क्लब के सदस्यों ने कच्ची बस्तियों और झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वाले गरीब परिवारों के साथ दीपावली की खुशियां साझा कीं।
जब शहर में लोग अपने घरों को सजाने और बच्चों के लिए मिठाई व पटाखों की व्यवस्था करने में जुटे थे, तब यूनेस्को सदस्यों ने आर्थिक तंगी से जूझ रहे परिवारों के बीच पहुंचकर उनके त्योहार को खुशियों से भरने की पहल की। इस दौरान बस्ती के बच्चों के चेहरों पर मुस्कान लाने के लिए प्रत्येक परिवार को मिठाई, पटाखों और अन्य सामग्री का एक-एक पैकेट उपहार स्वरूप दिया गया। अभियान के तहत कुल 100 परिवारों को सामग्री वितरित की गई।
प्रदेश संयोजक गोपाल लाल माली ने कहा कि आज भी कच्ची बस्तियों में रहने वाले परिवारों को मौलिक सुविधाएं उपलब्ध नहीं हो पा रही हैं। इन परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए यूनेस्को क्लब ने कच्ची बस्तियों और झुग्गी-झोपड़ियों में दीपावली मनाने का निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि दीपावली खुशियों का त्योहार है और सभी लोग इसे अपने-अपने तरीके से मनाते हैं, लेकिन गरीब परिवारों के यहां आर्थिक तंगी त्योहार की खुशियों में बाधा बन जाती है। यूनेस्को ने ऐसे ही बच्चों के बीच पहुंचकर खुशियां बांटी और उनके साथ दीपावली मनाई।
यूनेस्को की टीम के बस्ती में पहुंचते ही बच्चों में उत्साह की लहर दौड़ गई। सदस्यों ने बच्चों और उनके परिवारों के साथ त्योहार मनाते हुए उन्हें मिठाई, पटाखे और अन्य सामग्री भेंट की। कार्यक्रम में एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष चेतन मानसिंहका का विशेष सहयोग रहा।
यूनेस्को सदस्यों ने शहर के तेजसिंह सर्कल के पास स्थित कच्ची बस्ती, कुवाड़ा और ईरास स्थित देव छाया विहार सहित कई गरीब बस्तियों में पहुंचकर बच्चों के साथ दीपावली मनाई। इस दौरान उन्होंने अन्य सदस्यों को भी गरीब बच्चों के त्योहारों की खुशियां साझा करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर जिला यूनेस्को एसोसिएशन के अध्यक्ष ललित अग्रवाल, कार्यकारी अध्यक्ष दिनेश जैन, सचिव जगदीश चन्द्र मून्दड़ा, कमलेश जाजू, श्रीमती मधु लोढा, विशाल विजयवर्गीय, रामचन्द्र मून्दड़ा, साधना मेलाना, विनोद मेलाना, संतोष चंदेल और मुकेश बुलिवाल सहित कई सदस्य उपस्थित थे।