भीलवाड़ा में 60 से ज्यादा वारदातों का आरोपी अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरफ्तार, बाड़मेर से चोरी की स्कॉर्पियो बरामद

भीलवाड़ा पुलिस ने 60 से अधिक मामलों वाले अंतरराज्यीय वाहन चोर को गिरफ्तार कर बाड़मेर से चोरी की स्कॉर्पियो बरामद की। जानिए कैसे खुला पूरा मामला।

Update: 2026-07-07 07:43 GMT

तस्वीर में भीलवाड़ा के सुभाष नगर पुलिस थाने के बाहर खड़ी बरामद की गई सफेद रंग की महिंद्रा स्कॉर्पियो गाड़ी दिखाई दे रही है।

भीलवाड़ा जिला पुलिस ने शहर में लगातार बढ़ रही वाहन चोरी की वारदातों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक हाईप्रोफाइल स्कॉर्पियो चोरी के मामले का कुछ ही दिनों में खुलासा कर दिया। सुभाषनगर थाना पुलिस ने इस मामले में कई राज्यों में सक्रिय एक अंतरराज्यीय शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ विभिन्न थानों में 60 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस के अनुसार 11 जून 2026 की रात सुभाषनगर थाना क्षेत्र के आर. सी. व्यास कॉलोनी (पालड़ी रोड) निवासी दिनेश कुम्हार के घर के बाहर खड़ी उनकी महिंद्रा स्कॉर्पियो क्लासिक S11 को अज्ञात बदमाश लॉक तोड़कर चुरा ले गए थे। घटना के बाद पीड़ित की रिपोर्ट पर पुलिस ने धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया।

वाहन चोरी की वारदात को गंभीरता से लेते हुए भीलवाड़ा पुलिस अधीक्षक सागर राणा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) पारस मल जैन तथा डिप्टी नेमीचंद के सुपरविजन में सुभाषनगर थानाधिकारी कैलाश कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी अनुसंधान के साथ सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की बारीकी से जांच की और संदिग्ध की गतिविधियों का विश्लेषण किया।

जांच के दौरान टीम में शामिल कांस्टेबल सुनील ने अपने फील्ड इंटेलिजेंस और पुराने रिकॉर्ड के आधार पर सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहे संदिग्ध की पहचान कुंजी लाल उर्फ बन्ने सिंह गुर्जर (38) निवासी महरावण्ड (सवाईमाधोपुर) के रूप में की। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी वर्ष 2022 में भी इसी थाने में वाहन चोरी के आरोप में गिरफ्तार किया जा चुका था।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर चोरी की गई महिंद्रा स्कॉर्पियो क्लासिक S11 को बाड़मेर से बरामद कर लिया। इस कार्रवाई के साथ सुभाषनगर थाना पुलिस ने वाहन चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए देश के विभिन्न राज्यों में सक्रिय एक शातिर अंतरराज्यीय वाहन चोर को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है, जिसके खिलाफ विभिन्न थानों में 60 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं।

Tags:    

Similar News