तस्वीर में भीलवाड़ा में नाकाबंदी के दौरान जब्त की गई एक संदिग्ध कार दिखाई दे रही है।

गंगापुर भीलवाड़ा में रविवार रात पुलिस नाकाबंदी के दौरान एक कार से 10 लाख 94 हजार 500 रुपए की संदिग्ध नकदी बरामद की गई। राशि के संबंध में संतोषजनक जवाब और दस्तावेज नहीं मिलने पर पुलिस ने कार चालक को गिरफ्तार कर नकदी और वाहन जब्त कर लिया। कार में सवार विदेशी नागरिक के पास वैध पासपोर्ट एवं वीजा पाए जाने पर जांच के बाद उसे छोड़ दिया गया।

थाना प्रभारी पूरणमल मीणा ने बताया कि उच्च अधिकारियों के निर्देशानुसार रविवार को भीलवाड़ा राजमार्ग स्थित लाखोला चौराहे के निकट हथियारबंद जवानों की टीम नाकाबंदी कर रही थी। इसी दौरान भीलवाड़ा की ओर से आ रही एक कार को पुलिस टीम ने रुकवाकर उसकी जांच की।

पुलिस के अनुसार कार में चालक के साथ एक विदेशी नागरिक भी सवार था। तलाशी के दौरान चालक शहादत अली पुत्र इकबाल खान, निवासी झोटवाड़ा, जयपुर के बैग से 10 लाख 94 हजार 500 रुपए नकद बरामद हुए। पुलिस ने चालक से बरामद राशि के संबंध में जानकारी और दस्तावेज मांगे, लेकिन वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।

इसके बाद पुलिस ने शहादत अली को बीएनएसएस की धारा 170 के तहत गिरफ्तार कर लिया। बरामद नकदी को बीएनएसएस की धारा 106 के तहत जब्त किया गया, जबकि कार को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत जब्त किया गया है। पुलिस मामले में बरामद राशि के संबंध में आगे की जांच कर रही है।

वहीं, कार में सवार विदेशी नागरिक के पास वैध पासपोर्ट एवं वीजा पाए जाने पर पुलिस ने जांच के बाद उसे छोड़ दिया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद 10 लाख 94 हजार 500 रुपए की राशि कहां से लाई जा रही थी और इसका उद्देश्य क्या था। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में नकदी बरामदगी को लेकर चर्चा बनी हुई है।

Tags: