भीलवाड़ा सड़क हादसा: अनियंत्रित कार पिलर से टकराई, एक मजदूर की मौत
अहमदाबाद से लौट रहे मजदूरों की कार भीलवाड़ा में सीमेंट के पिलर से टकराई, एक की मौत और दो गंभीर रूप से घायल।
भीलवाड़ा। दीपावली के बाद गुजरात के अहमदाबाद से अपने घर लौट रहे चार मजदूरों का सफर भीलवाड़ा जिले में दर्दनाक हादसे का शिकार हो गया। बिजौलिया थाना क्षेत्र के सलावटिया फोरलेन कट पर सोमवार देर रात तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सीमेंट के भारी पिलर से टकरा गई और पलट गई। हादसे में कार सवार एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। इनमें से दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें कोटा रेफर किया गया है। हादसे के बाद हाईवे पर अधूरे निर्माण कार्य और सुरक्षा इंतजामों की कमी को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश है।
दीवान दलाराम ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि मध्यप्रदेश के भिंड जिले के रहने वाले चार लोग अहमदाबाद में मकानों पर कलर-पुट्टी का काम करते थे। सोमवार देर रात चारों कार में सवार होकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान सलावटिया फोरलेन कट के पास उनकी कार हादसे का शिकार हो गई।
बताया गया कि इस स्थान पर नेशनल हाईवे पर ओवरब्रिज का निर्माण कार्य चल रहा है। इसके चलते यातायात को डायवर्ट कर सर्विस लेन से निकाला जा रहा था। सर्विस लेन पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे और वहां सीमेंट के पिलर ब्लॉक रखे हुए थे। रात के घुप अंधेरे में निर्माण कार्य की जानकारी देने वाले उचित चेतावनी संकेतक नहीं होने के कारण चालक को निर्माणाधीन ब्रिज और रास्ते में रखे पिलर दिखाई नहीं दिए। इसी दौरान तेज रफ्तार कार सीधे सीमेंट के पिलर से टकरा गई और टक्कर के बाद पलट गई।
हादसे में कार की अगली सीट पर चालक के बगल में बैठे राजेश पाल (51 वर्ष), पुत्र तुलसीराम बघेल, निवासी खड़ेरी, भिंड (मध्यप्रदेश), टक्कर के तेज झटके से कार का दरवाजा तोड़कर सड़क पर दूर जा गिरे। उनके सिर में गंभीर चोटें आईं। यही चोटें उनकी मौत का कारण बनीं। वहीं, चालक नारायण सिंह बघेल ने सीट बेल्ट लगा रखी थी, जिसके चलते उन्हें केवल हल्की चोटें आईं और उनकी जान बच गई। कार की पिछली सीट पर बैठे दिनेश पाल और मुकेश पाल भी गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही बिजौलिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल बिजौलिया अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने राजेश पाल को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल दिनेश पाल और मुकेश पाल की हालत नाजुक बनी हुई थी। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए कोटा के बड़े अस्पताल में रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने मृतक राजेश पाल का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है। साथ ही मामला दर्ज कर दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच शुरू कर दी है।
हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों और क्षेत्रीय लोगों में भारी आक्रोश है। लोगों का आरोप है कि केसरगंज में नेशनल हाईवे पर बन रहे ओवरब्रिज का निर्माण लंबे समय से अधूरा पड़ा है और काम कछुआ गति से चल रहा है। निर्माण एजेंसी ने यातायात तो डायवर्ट कर दिया, लेकिन रात के समय वाहन चालकों को सतर्क करने के लिए पर्याप्त संकेतक बोर्ड और रिफ्लेक्टर्स नहीं लगाए गए। स्थानीय लोगों ने इस लापरवाही पर सवाल उठाते हुए पूछा है कि अधूरे निर्माण और सुरक्षा संकेतकों की कमी के कारण आखिर कितने और निर्दोष लोगों की जान जाएगी।