भीलवाड़ा में सुभाषनगर थाना पुलिस ने रोडवेज बस स्टैंड पर उम्रदराज महिलाओं को बातों में उलझाकर उनके सोने-चांदी के जेवरात और नकदी पार करने वाले एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने हाल ही में बस का इंतजार कर रही एक महिला को लड़ाई-झगड़े का झांसा देकर भ्रमित किया और उसके सोने के कान की टोटी, मांदलिया, मोबाइल फोन तथा नकदी लेकर फरार हो गया था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 9 अगस्त 2026 को श्रीमती मंजू कंडारा निवासी लाडपुरा, तहसील मांडलगढ़ ने थाना सुभाषनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पीड़िता अपनी माता के साथ भीलवाड़ा रोडवेज बस स्टैंड पर शाहपुरा जाने वाली बस का इंतजार कर रही थीं। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति वहां पहुंचा और उन्हें आगे लड़ाई-झगड़ा होने का झांसा देकर अपनी बातों में उलझा लिया।

बातों में उलझाने के दौरान आरोपी ने महिला के लगभग 1 तोला सोने की कान की टोटी, 5 ग्राम सोने का मांदलिया, एक मोबाइल फोन और 1,000 रुपये नकदी ले ली। आरोपी ने सामान बैग में रखा और मौका देखकर वहां से रफूचक्कर हो गया। रिपोर्ट मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया।

जिला पुलिस अधीक्षक सागर राणा के आदेशानुसार तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) राजेश आर्य और पुलिस उप अधीक्षक (वृत्त सदर) नेमीचंद चौधरी के पर्यवेक्षण में थानाधिकारी कैलाश कुमार विश्नोई के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।

तकनीकी साक्ष्यों और फील्ड इंटेलिजेंस के आधार पर पुलिस ने आरोपी शंभू कीर उर्फ अजय (28), पुत्र भंवर लाल कीर, निवासी नैनपुरिया थाना नाथद्वारा, जिला राजसमंद को डिटेन कर गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी खासतौर पर बुजुर्ग और उम्रदराज महिलाओं को अपना निशाना बनाता था। आरोपी द्वारा मंडल चौराहा, गंगापुर चौराहा, रेलवे फाटक तथा चित्तौड़गढ़ बस स्टैंड और निंबाहेड़ा में भी इसी तरह की ठगी व चोरी की वारदातों को अंजाम दिए जाने की आशंका है।

पुलिस आरोपी से गहनता से पूछताछ कर रही है। पूछताछ के दौरान अन्य वारदातों के खुलासे की संभावना जताई जा रही है।

Tags: