भीलवाड़ा। जीवन में कितनी भी कठिन परिस्थितियां आएं, लेकिन भक्ति और भजन का मार्ग कभी नहीं छोड़ना चाहिए। भगवान अपने भक्तों की परीक्षा लेते हैं और ऐसे समय में यदि भक्ति छूट जाए तो व्यक्ति प्रभु की कृपा से वंचित रह जाता है। भक्ति के मार्ग में आने वाली कठिनाइयों के बावजूद जो व्यक्ति अडिग रहता है, उस पर परमात्मा की कृपा अवश्य होती है। यह विचार वृंदावन के प्रख्यात कथावाचक एवं गौरक्षक आचार्य महेंद्र कृष्ण शास्त्री ने भीलवाड़ा के छोटी हरणी स्थित श्री टेकरी के बालाजी काठियाबाबा आश्रम में आयोजित श्रीमद् भागवत कथा सप्ताह ज्ञान यज्ञ महोत्सव के दूसरे दिन गुरुवार को व्यक्त किए। कथा का आयोजन महंत बनवारीशरण काठियाबाबा के सानिध्य में हो रहा है।

व्यासपीठ से प्रवचन करते हुए आचार्य महेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि जिस दिन व्यक्ति प्रभु से याचना करना बंद कर उन्हें अपना मानने लगेगा, उसी दिन से परमात्मा भी उसे अपना मान लेंगे। मंदिर में संसार की तुच्छ वस्तुएं मांगने के बजाय भगवान से अपने हृदय में विराजमान होने की प्रार्थना करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जीवन में हमेशा परमात्मा के प्रति विश्वास बनाए रखना चाहिए। सुख-दुःख, संपत्ति, विपदा और आपदा प्रारब्ध के अनुसार प्राप्त होते हैं। संसार में रहते हुए भगवान का नाम लेने के लिए किसी विशेष समय की प्रतीक्षा नहीं करनी चाहिए, क्योंकि जीवन कब समाप्त हो जाए, यह कोई नहीं जानता। दुनिया की भागदौड़ के बीच अपने कार्य करते हुए भी परमात्मा का स्मरण करने से इस लोक के साथ परलोक भी सुधर जाता है।

दूसरे दिन की कथा में कपिल-देवहूती संवाद, सती चरित्र और ध्रुव चरित्र सहित विभिन्न प्रसंगों का वर्णन किया गया। इस दौरान कई संत-महात्माओं का सानिध्य भी प्राप्त हुआ। आचार्य शास्त्री ने कहा कि बीती हुई बातों का शोक नहीं करना चाहिए, क्योंकि परिस्थितियां दुःख नहीं देतीं, बल्कि उनका ठहराव पीड़ा का कारण बनता है। वर्तमान पर ध्यान देने से भविष्य स्वतः सुधर जाता है। जीवन में धर्म का आचरण श्रेष्ठ है, क्योंकि धर्म ही आध्यात्मिक मार्ग प्रशस्त करता है। निस्वार्थ भाव से भक्ति के मार्ग पर चलने वाले व्यक्ति का कल्याण अवश्य होता है।

उन्होंने कहा कि जीवन में अनुकूलता और सुख मिले तो उसे हरि कृपा मानना चाहिए, जबकि कष्ट और आपदा आने पर उन्हें हरि इच्छा समझकर स्वीकार करना चाहिए। प्रभु की भक्ति करते हुए मीरा की तरह सुख और दुःख दोनों परिस्थितियों में प्रसन्न रहना सीखना चाहिए।

कथा आयोजन के सूत्रधार महंत बनवारीशरण काठियाबाबा की बालाजी महाराज के प्रस्तावित मंदिर और विशाल गौशाला की भावना की सराहना करते हुए आचार्य शास्त्री ने कहा कि नए मंदिर बनाने से अधिक जरूरी मौजूदा मंदिरों की पूरी देखरेख करना और उन्हें भव्यता प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि हनुमान टेकरी मंदिर का प्रस्तावित स्वरूप इस स्थान को नई भव्यता और गरिमा प्रदान करेगा। गौशाला के माध्यम से गौसेवा करने से बड़ा पुण्य कोई नहीं हो सकता। सेवा के इन कार्यों में सहभागिता निभाने वाले लोग भी पुण्य के भागीदार बनते हैं।

कथा के दौरान व्यासपीठ से भजन शुरू होते ही कई श्रद्धालु भावविभोर होकर नृत्य करने लगे। दूसरे दिन की कथा के विश्राम पर व्यासपीठ की पूजा और आरती करने वालों में भीलवाड़ा नगर निगम महापौर जसवंत कंवर, उप महापौर राधेश्याम सोमानी, सत्येन्द्र बिरला, हरिनारायण माली, तेजसिंह, रेखाकंवर झाला, ललिता कंवर, श्यामसुन्दर व्यास, गजेन्द्र लोढ़ा, भंवरदास वैष्णव, रणजीतसिंह कारोही, योगराज सिंह, छीतरलाल, भरत सोनी, गोपाल शर्मा, प्रेमलता शर्मा, लीलादेवी, अनिता कंवर, रेणु सोमानी, शशिकुमार शर्मा, गोपाल जोशी, गोपाल चौधरी, नंदकिशोर सोनी, भगवान सिंह और भगवतीलाल महाराज सहित अन्य श्रद्धालु शामिल रहे।

कथा श्रवण के लिए छोटी हरणी और भीलवाड़ा के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। श्रीमद् भागवत कथा का वाचन प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से शाम 5 बजे तक हनुमान टेकरी परिसर में किया जाएगा। तीसरे दिन शुक्रवार को जड़भरत संवाद, नृसिंह अवतार और वामन अवतार के प्रसंगों का वाचन होगा। कथा आयोजन को लेकर हरणी महादेव मुख्य मार्ग से हनुमान टेकरी तक विशेष सजावट की गई है। मार्ग पर जगह-जगह स्वागत के बैनर और होर्डिंग भी लगाए गए हैं। कथा महोत्सव में धार्मिक प्रसंगों के साथ भक्ति, गौसेवा और मंदिरों के संरक्षण का संदेश श्रद्धालुओं तक पहुंचाया जा रहा है।

Tags: