नीम के पेड़ से लटका मिला युवक का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका, जांच जारी
भीलवाड़ा के बनेड़ा थाना क्षेत्र में 25 वर्षीय बालू भील का शव नीम के पेड़ से लटका मिला। परिजनों ने हत्या की आशंका जताकर मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम और निष्पक्ष जांच की मांग की। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
तस्वीर में महात्मा गांधी अस्पताल के बाहर एकत्रित हुए ग्रामीण और परिजन नजर आ रहे हैं, जबकि ऊपरी हिस्से में मृतक बालू भील की तस्वीर inset के रूप में दिखाई गई है।
भीलवाड़ा। बनेड़ा थाना क्षेत्र के महुआ खुर्द गांव में 25 वर्षीय युवक बालू भील का शव नीम के पेड़ से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बालू भील (25) पुत्र डालू भील के रूप में हुई है। परिजनों और ग्रामीणों ने हत्या कर शव लटकाने की आशंका जताते हुए जिला अस्पताल की मोर्चरी पर प्रदर्शन किया और मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराने के साथ निष्पक्ष जांच की मांग की।
मृतक के भाई बद्री भील की ओर से बनेड़ा थाना पुलिस को दी गई रिपोर्ट के अनुसार, बालू भील 3 सितंबर को खदान में मजदूरी करने गया था। शाम करीब 6 बजे वह घर के बाहर बैठा था। रात लगभग 8 बजे गांव के ही प्रहलाद भील ने रामदेव जी मंदिर के पास नीम के पेड़ पर एक व्यक्ति का शव लटका देखा और इसकी सूचना ग्रामीणों को दी।
सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे। वहां बालू का शव उसकी ओढ़नी के सहारे नीम के पेड़ से झूल रहा था और उसके पैर जमीन से सटे हुए थे। सूचना पर बनीड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर महात्मा गांधी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया।
परिजनों और ग्रामीणों ने घटना को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई। किशन जाट ने कहा, "कल शाम हमारे गांव के बालू भील की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। जिस तरह से शव मिला है और निशान दिखे हैं, उससे समस्त ग्रामवासियों को अंदेशा है कि उनका मर्डर करके खींचकर नीम के पेड़ से लटकाया गया है। बालू की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी, वह खदान में काम करने वाला साधारण व्यक्ति था। हमारी पुलिस प्रशासन से मांग है कि शव का डॉक्टरों के मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया जाए ताकि सच सामने आ सके कि यह मर्डर है या आत्महत्या।"
पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर घटना के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम और पुलिस जांच के आधार पर ही युवक की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।