भरतपुर जिले के भुसावर सहित ग्रामीण अंचल में बंदरों के बढ़ते आतंक की समस्या को लेकर मुख्यमंत्री कार्यालय, राजस्थान सरकार ने संज्ञान लिया है। आमजन को बंदरों के आतंक से निजात दिलाने की मांग पर मुख्यमंत्री कार्यालय ने जिला कलेक्टर भरतपुर को पत्र भेजकर मामले में नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत मैनापुर, पंचायत समिति भुसावर के पूर्व सरपंच सतीश पाण्डेय ने क्षेत्र में बंदरों के आतंक से आमजन को राहत दिलाने की मांग करते हुए मुख्यमंत्री को प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया था। इस पर मुख्यमंत्री कार्यालय ने जिला कलेक्टर भरतपुर को पत्र भेजकर प्रार्थना पत्र में उठाई गई समस्या के संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने के लिए कहा है।

मुख्यमंत्री कार्यालय, जयपुर की ओर से 18 सितंबर 2026 को जारी पत्र में जिला कलेक्टर भरतपुर को संबोधित करते हुए पूर्व सरपंच सतीश पाण्डेय के प्रार्थना पत्र का अवलोकन करने तथा उसमें वर्णित तथ्यों का परीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई करवाने के निर्देश दिए गए हैं।

इस पत्र पर मुख्यमंत्री के विशेषाधिकारी (पीसीएस) प्रेम चन्द सोलंकी के हस्ताक्षर हैं। पत्र की प्रतिलिपि पूर्व सरपंच सतीश पाण्डेय को भी सूचनार्थ भेजी गई है।

मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से पत्र जारी होने के बाद भुसावर सहित प्रभावित ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को जिला प्रशासन से कार्रवाई की उम्मीद है। अब बंदरों के आतंक की समस्या के समाधान के लिए प्रशासन की ओर से उठाए जाने वाले कदम महत्वपूर्ण होंगे। आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने और समस्या के स्थायी समाधान के लिए संबंधित विभाग द्वारा नियमानुसार कार्रवाई किया जाना आवश्यक है।

Tags: