ब्यावर में पंचायती राज चुनाव 2026 के तहत जिला परिषद सदस्य पद के लिए भाजपा पदाधिकारियों ने जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर कमलराम मीना को पार्टी प्रत्याशियों के अधिकृत प्रतीक चिह्न और नामांकन पत्र सौंपे।

ब्यावर में नवसृजित जिला परिषद के 27 वार्डों के लिए भारतीय जनता पार्टी ने अपने प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी है। गुरुवार देर रात जयपुर स्थित भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में जिला परिषद सदस्य पद के उम्मीदवारों के नाम सर्वसम्मति से तय किए गए। इसके बाद प्रदेश महामंत्री एवं मुख्यालय प्रभारी श्रवण सिंह बागड़ी ने प्रत्याशियों की सूची सार्वजनिक की।

भाजपा राजस्थान के जयपुर मुख्यालय में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ के सान्निध्य में हुई बैठक में जिला परिषद सदस्य के प्रत्याशियों के नामों पर सहमति बनी। बैठक में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत, चुनाव प्रभारी एवं पाली के पूर्व सांसद पुष्प जैन, प्रदेश महामंत्री (संगठन) अजय कुमार, प्रदेश सह प्रभारी कविता पाटीदार, जिला संगठन प्रभारी विमल अग्रवाल, विधायक शंकर सिंह रावत, मसूदा विधायक वीरेंद्र सिंह कानावत और जिलाध्यक्ष आशीष सांड़ मौजूद रहे।

शुक्रवार को नामांकन पत्र जमा कराने के अंतिम दिन भाजपा पदाधिकारियों ने जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं जिला कलक्टर कमलराम मीना को पार्टी प्रत्याशियों के अधिकृत प्रतीक चिह्न सौंपे। जिला परिषद सदस्य पद के लिए कुल 280 दावेदारों ने आवेदन किया था। ऐसे में प्रत्याशियों के चयन के बाद पार्टी ने चुनाव प्रक्रिया के अगले चरण की औपचारिकताएं भी पूरी कीं।

राज्य निर्वाचन आयोग राजस्थान, जयपुर की ओर से आयोजित पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के तहत जिला परिषद सदस्यों के लिए मतदान दो चरणों में होगा। तृतीय चरण का मतदान 3 नवंबर और चतुर्थ चरण का मतदान 14 नवंबर को निर्धारित है। ब्यावर जिला परिषद के 27 वार्डों के लिए भाजपा प्रत्याशियों की सूची जारी होने के साथ ही चुनावी प्रक्रिया में पार्टी की ओर से उम्मीदवारों की भागीदारी स्पष्ट हो गई है।

Tags: