तस्वीर में अजमेर मंडल के रेल प्रबंधक राजू भूतड़ा ब्यावर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों से संवाद करते और अमृत भारत स्टेशन योजना के विकास कार्यों का जायजा लेते नजर आ रहे हैं।

ब्यावर। रेलवे यात्रियों की समस्याएं जानने और रेल सेवाओं में सुधार के लिए सुझाव लेने के उद्देश्य से उत्तर पश्चिम रेलवे के अजमेर मंडल के रेल प्रबंधक राजू भूतड़ा ने गुरुवार को अरावली एक्सप्रेस में सफर कर यात्रियों से सीधा संवाद किया। भारतीय रेल के विशेष अभियान 6.0 के तहत आयोजित रेल जन संवाद के दौरान उन्होंने वातानुकूलित और शयनयान बोगियों में यात्रा कर रहे यात्रियों से बातचीत की और उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली।

डीआरएम राजू भूतड़ा श्रीगंगानगर से बांद्रा के बीच चलने वाली अरावली एक्सप्रेस (14701) में सवार हुए। उन्होंने यात्रियों से रेल सेवाओं में सुधार के लिए सुझाव मांगे और यात्रा के दौरान आने वाली समस्याओं के बारे में पूछा। इसके बाद दोपहर करीब पौने एक बजे वे ब्यावर रेलवे स्टेशन पहुंचे।

ब्यावर स्टेशन पर डीआरएम भूतड़ा ने प्लेटफॉर्म क्रमांक एक और दो पर रेलगाड़ियों की प्रतीक्षा कर रहे यात्रियों से संवाद कर उनका हाल जाना। इस दौरान उन्होंने यात्रियों की सुविधाओं और उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली। साथ ही, अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत रेलवे स्टेशन पर चल रहे विकास कार्यों का जायजा भी लिया।

इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक मिहिर देव, मुख्य जन संपर्क निरीक्षक अशोक चौहान, वरिष्ठ मंडल अभियंता (विद्युत) स्वाति जैन, मंडल वाणिज्य निरीक्षक नरेंद्र सिंह रावत, प्रबंधक गजे सिंह, कार्यालय अधीक्षक सहीराम मीणा, स्वास्थ्य निरीक्षक प्रदीप सिंह, सुविधा प्रबंधक रामप्रसाद वर्मा, रेलवे सुरक्षा बल थाना प्रभारी नरेश कुमार और राजकीय रेलवे पुलिस चौकी के प्रधान आरक्षक आलोक कान्त सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

ब्यावर स्टेशन पर करीब आधे घंटे के ठहराव के बाद डीआरएम राजू भूतड़ा मैसूर-अजमेर एक्सप्रेस (16210) से पुनः अजमेर के लिए रवाना हो गए। रेल जन संवाद के तहत यात्रियों से सीधे बातचीत और स्टेशन पर चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण रेलवे सेवाओं में सुधार तथा यात्री सुविधाओं की स्थिति जानने के उद्देश्य से किया गया।

Tags: