तस्वीर में विधायक प्रमोद जैन भाया अन्ता में आयोजित जनसुनवाई के दौरान नागरिकों की समस्याएं सुनते हुए नजर आ रहे हैं।

अन्ता विधायक प्रमोद जैन भाया ने गुरुवार को आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान और जनसंपर्क को मजबूत करने के उद्देश्य से अन्ता शहर एवं सीसवाली कस्बे में जन सुनवाई आयोजित की। जन सुनवाई में बड़ी संख्या में नागरिक, किसान, महिलाएं, युवा और कांग्रेस कार्यकर्ता अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे।

अन्ता कांग्रेस नगर अध्यक्ष ललित गालव एवं सीसवाली नगर अध्यक्ष नरेश जैन ने बताया कि विधायक प्रमोद जैन भाया नियमित रूप से क्षेत्र की जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को सुनने और उनके समाधान के प्रयास करते हैं। इसी क्रम में गुरुवार को अन्ता में कृष्णा मैरिज गार्डन तथा सीसवाली में कुम्हारों की कुटिया में जन सुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया।

जन सुनवाई के दौरान नागरिकों ने पेयजल, विद्युत, सड़क, नाली, स्वच्छता, सिंचाई, राजस्व, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, चिकित्सा, शिक्षा सहित विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याएं विधायक प्रमोद जैन भाया के समक्ष रखीं। विधायक ने प्रत्येक परिवादी की समस्या को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना तथा कई मामलों में मौके पर ही संबंधित विभागों के अधिकारियों से दूरभाष पर बातचीत कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

विधायक प्रमोद जैन भाया ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आमजन के कार्यों में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए और पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि का पहला दायित्व जनता की समस्याओं को सुनना और उनके समाधान के लिए प्रभावी पहल करना है।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र के प्रत्येक नागरिक की समस्या उनके लिए महत्वपूर्ण है और हरसंभव प्रयास कर उनका निराकरण कराया जाएगा। विधायक ने अधिकारियों से जनहित के मामलों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा संवेदनशीलता के साथ कार्य करने का आग्रह किया।

जन सुनवाई के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने अपनी समस्याएं विधायक के समक्ष रखीं। कई मामलों में मौके पर ही कार्रवाई शुरू होने पर लोगों ने संतोष व्यक्त किया। उपस्थित नागरिकों ने कहा कि इस प्रकार की जन सुनवाई से आमजन को अपनी समस्याएं सीधे जनप्रतिनिधि के समक्ष रखने का अवसर मिलता है, जिससे समाधान प्रक्रिया अधिक प्रभावी और तेज होती है।

कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस पदाधिकारी, वरिष्ठ कार्यकर्ता और स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे तथा जन समस्याओं के निराकरण में सक्रिय सहयोग प्रदान किया।

Tags: