नाग पंचमी के अवसर पर बारां के अंता में नागदा महादेव से नर्बदेश्वर महादेव मंदिर तक निकाली गई विशाल कावड़ यात्रा में शामिल पूर्व मंत्री प्रमोद जैन भाया व श्रद्धालु।

सावन के पावन महीने में नाग पंचमी और तीसरे सोमवार के अवसर पर अंता शहर और आसपास का क्षेत्र सोमवार को भगवान शिव की भक्ति में डूबा नजर आया। अन्ता विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रमोद जैन भाया तथा जिला प्रमुख श्रीमती उर्मिला जैन भाया, जिलाध्यक्ष हंसराज मीणा, अटरू के पूर्व विधायक पानाचन्द मेघवाल, किशनगंज की पूर्व विधायक श्रीमती निर्मला सहरिया सहित सैकड़ों श्रद्धालुओं और धर्मप्रेमी बंधुओं ने नागदा महादेव से अंता तक विशाल कावड़ यात्रा निकाली।

अंता नगर कांग्रेस अध्यक्ष ललित गालव ने बताया कि कावड़ यात्रा का शुभारंभ बारां जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल नागदा महादेव मंदिर से हुआ। इस अवसर पर श्रीश्री 1008 महामंडलेश्वर संत लक्ष्मणदास महाराज एवं संत रामनरेश दास महाराज का पावन सानिध्य प्राप्त हुआ। विद्वान आचार्यों की उपस्थिति में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भाया दम्पत्ति ने भगवान भोलेनाथ का रुद्राभिषेक तथा कावड़ की विधिवत पूजा-अर्चना की। इस दौरान देश, प्रदेश सहित जिलेवासियों की सुख-समृद्धि की मंगल कामना की गई।

इसके बाद भाया दम्पत्ति एवं श्रद्धालुओं ने नागदा महादेव मंदिर स्थित पवित्र सरोवर से गंगाजल कावड़ में भरा और भगवा वस्त्र धारण कर भगवान शिव के जयकारों के साथ अंता के लिए पैदल यात्रा प्रारंभ की। पूरे मार्ग में ‘बोल बम’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष गूंजते रहे। डीजे पर बज रहे शिव भजनों और धार्मिक गीतों पर भाया दम्पत्ति सहित श्रद्धालु झूमते-नाचते हुए आगे बढ़ते रहे। कावड़ यात्रा का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय और उत्साहपूर्ण बना रहा।

कावड़ यात्रा नागदा महादेव मंदिर से प्रारंभ होकर बमोरी तिराहा, सीसवाली चौराहा, सीएडी चौराहा एवं अजीतपुरा होते हुए अंता के मंडी प्रांगण स्थित नर्बदेश्वर महादेव मंदिर पहुंची। यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर कावड़ियों का माल्यार्पण, पुष्पवर्षा, शीतल पेय, फलों और अल्पाहार से आत्मिक स्वागत किया गया।

नागदा में राजेन्द्र सिंह नागदा, नागदा फाटक पर श्रीमती रिकेंश मीणा, फाटक के पास ओम नागर छत्रधारी, ईट भट्टे के पास कन्हैयालाल पंकज, ईट भट्टे पर ओम गहलोत, बमोरी बालाजी पर दयाराम सुमन एवं नरेन्द्र मेघवाल, सहकारी पेट्रोल पम्प पर अमित नागर, ललित बत्रा ने अपने आवास के सामने, संदीप शर्मा ने स्टॉक पर, चन्द्रप्रकाश मीणा ने सीएम इंटरप्राईजेज, संजय जैन मित्र मण्डल ने सानिवि चौराहा, लक्ष्मण सुमन ने सानिवि चौराहा, बबलू मालव ने सानिवि, नरेन्द्र सैनी ने सानिवि चौराहा, संतोष गालस ने पटेल निवास के सामने, मुर्तजा अंसारी ने मीठी बावड़ी, भारत विकास परिषद ने मीठी बावड़ी, खण्डेलवाल समाज ने नरेन्द्र नंदवाना के आवास के पास, महेश सिंघल ने सिंघल मशीनरी, अजय मेहता ने मेहता किराना, श्याम मित्र मण्डल ने पोस्ट ऑफिस के पास, मोण्टी सिंगोर ने हाई स्कूल के पास, मुस्लिम समाज ने सीएडी चौराहा, प्रवीण देवलिया ने डिप्टी ऑफिस, प्रदीप नागर ने घर के सामने, अजीतपुरा बालाजी समिति ने बालाजी मंदिर के सामने, राजू नागर, बाबूलाल देवलिया, भगवान दाधीच, ओम मीणा मूण्डला ने शिव कॉलोनी में विभिन्न स्थानों पर, ब्राह्मण समाज ने मंडी गेट के पास तथा विनोद मेहरा ने मंडी महादेव मंदिर के सामने कावड़ियों का स्वागत किया। वहीं नागदा महादेव मंदिर से यात्रा प्रारंभ होने से पूर्व श्रद्धालुओं के लिए चाय-नाश्ते की भी व्यवस्था की गई।

अंता पहुंचने पर भाया दम्पत्ति सहित सभी श्रद्धालुओं ने नर्बदेश्वर महादेव मंदिर में पहुंचकर भगवान शिव का विधि-विधान से जलाभिषेक किया। नागदा महादेव के पवित्र सरोवर से लाए गए जल को भगवान नर्बदेश्वर महादेव को अर्पित करते हुए क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की गई। इसके बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।

इस अवसर पर अन्ता विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रमोद जैन भाया ने कहा कि सावन का महीना भगवान शिव की आराधना, आस्था और आत्मिक शांति का पवित्र अवसर है। कावड़ यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज को एकता, सेवा, सद्भाव और संस्कारों से जोड़ने का माध्यम भी है।

उन्होंने कहा कि नाग पंचमी और सावन के तीसरे सोमवार के पावन अवसर पर नागदा महादेव से नर्बदेश्वर महादेव तक कावड़ यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सहभागिता अंता क्षेत्र की धार्मिक आस्था और शिवभक्ति की मजबूती को दर्शाती है। उन्होंने भगवान भोलेनाथ से प्रत्येक परिवार में सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की तथा सभी श्रद्धालुओं को सावन एवं नाग पंचमी की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कावड़ यात्रा में शामिल संत-महात्माओं, श्रद्धालुओं, आयोजन से जुड़े कार्यकर्ताओं तथा मार्ग में श्रद्धालुओं का स्वागत करने वाले अंता शहरवासियों का आभार व्यक्त किया।

जिला प्रमुख श्रीमती उर्मिला जैन भाया ने कहा कि सावन का पवित्र महीना भगवान शिव के प्रति श्रद्धा और समर्पण का पर्व है। नाग पंचमी के अवसर पर नागदा महादेव से पवित्र जल लेकर नर्बदेश्वर महादेव तक पहुंचना श्रद्धालुओं के लिए अत्यंत पुण्य और भावनात्मक क्षण है।

उन्होंने कहा कि कावड़ यात्रा में महिलाओं, युवाओं, बुजुर्गों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सहभागिता ने आयोजन को भव्य बना दिया। भगवान शिव की भक्ति हमें आपसी प्रेम, भाईचारे, सेवा और समाज के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने की प्रेरणा देती है।

कावड़ यात्रा के दौरान अंता शहर में धार्मिक उत्सव जैसा माहौल बना रहा। जैसे ही कावड़ियों का कारवां शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरा, लोगों ने घरों और प्रतिष्ठानों के बाहर से पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। छीपाबड़ौद ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष मूलचंद शर्मा एवं प्रदेश पदाधिकारी धर्मराज मेहरा ने बताया कि जगह-जगह श्रद्धालुओं को शीतल पेय पिलाया गया। बोल बम और हर-हर महादेव के जयघोष से पूरा वातावरण गुंजायमान रहा।

सामूहिक पूजा-अर्चना एवं जलाभिषेक के पश्चात प्रसाद वितरण किया गया। सावन के तीसरे सोमवार और नाग पंचमी के इस पावन अवसर पर आयोजित विशाल कावड़ यात्रा ने अंता क्षेत्र में आस्था, भक्ति, सेवा और सामाजिक एकजुटता का संदेश दिया। भाया दम्पत्ति ने कावड़ यात्रा में पधारे सभी श्रद्धालुओं को धन्यवाद ज्ञापित किया।

Tags: