बारां में गूंजी वंदे मातरम् की गूंज, भव्य तिरंगा बाइक रैली में उमड़ा देशभक्ति का सैलाब
बारां में हर घर तिरंगा अभियान के तहत भव्य बाइक रैली निकली। तिरंगा लहराते कार्यकर्ताओं का शहरवासियों ने पुष्पवर्षा से स्वागत किया।
तस्वीर में बारां शहर की सड़क पर हर घर तिरंगा अभियान के तहत हाथों में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा थामे हुए बाइक और पैदल चल रहे लोग नजर आ रहे हैं।
बारां में गुरुवार को हर घर तिरंगा अभियान के तहत निकली भव्य तिरंगा बाइक रैली ने पूरे शहर को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। भाजपा बारां शहर एवं देहात मंडल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित रैली में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और आमजन हाथों में तिरंगा लेकर शामिल हुए। रैली के दौरान वंदे मातरम् और भारत माता की जय के नारों से शहर गूंज उठा। मार्ग में जगह-जगह शहरवासियों ने पुष्पवर्षा कर रैली का स्वागत किया।
रैली में भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश सिंह सिकरवार, विधायक राधेश्याम बैरवा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
रैली का शुभारंभ ताड़के बालाजी मंदिर से हुआ। सैकड़ों बाइक पर तिरंगा लहराते हुए भाजपा कार्यकर्ता और आमजन देशभक्ति के रंग में नजर आए। डीजे पर बज रहे देशभक्ति गीतों के बीच गगनभेदी वंदे मातरम् और भारत माता की जय के नारों से पूरा शहर गुंजायमान हो उठा।
ताड़के बालाजी मंदिर से प्रारंभ हुई रैली अंबेडकर सर्किल, दीनदयाल पार्क, प्रताप चौक एवं अस्पताल रोड होते हुए जिला अस्पताल स्थित शहीद राजमल मीणा पार्क पहुंची। रैली के मार्ग में जगह-जगह शहरवासियों ने पुष्पवर्षा कर तिरंगा यात्रा का स्वागत एवं सम्मान किया। युवाओं, महिलाओं और आमजन में भी रैली को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया।
भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश सिंह सिकरवार ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। हर भारतीय के मन में राष्ट्रभक्ति की भावना को और मजबूत करने के लिए हर घर तिरंगा अभियान चलाया जा रहा है।
विधायक राधेश्याम बैरवा ने कहा कि शहीदों के सम्मान और उनकी स्मृति को संजोना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने बताया कि शहीद राजमल मीणा पार्क की सुंदरता एवं विकास का कार्य विधायक कोष से करवाया गया है।
रैली के समापन पर सभी भाजपाइयों ने शहीद राजमल मीणा की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। तिरंगा बाइक रैली के माध्यम से बारां शहर में राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया गया।