तस्वीर में बारां में ऑपरेशन वज्र प्रहार के तहत पुलिस द्वारा जब्त की गई एक कार, एक पक्का मकान और एक ट्रैक्टर नजर आ रहे हैं.

बारां पुलिस ने अपराध से अर्जित संपत्तियों के खिलाफ ऑपरेशन वज्र प्रहार के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए विभिन्न थाना क्षेत्रों में आरोपियों और उनके परिजनों के नाम दर्ज चल-अचल संपत्तियों को चिन्हित कर जब्ती की कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार कार्रवाई में 07 ट्रैक्टर, 11 मोटरसाइकिल, 16 कार, 06 पक्के मकान व मोबाइल के साथ बैंक खातों में जमा 1,06,464 रुपये और 40 लाख रुपये मूल्य की कृषि भूमि शामिल है। कार्रवाई में कुल अनुमानित जब्त संपत्ति 3,21,79,814 रुपये यानी 3 करोड़ 21 लाख 79 हजार 814 रुपये बताई गई है।

पुलिस अधीक्षक बारां अभिषेक अंडासु ने बताया कि जिले में अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए धारा 107 बीएनएस के तहत तथा अपराध से अर्जित अवैध संपत्ति के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बारां पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में प्रभावी कार्रवाई की। पुलिस ने आपराधिक गतिविधियों से अर्जित Proceeds of Crime यानी अपराध की कमाई से निर्मित या खरीदी गई चल एवं अचल संपत्तियों को चिन्हित कर धारा 107 बीएनएस के तहत न्यायालय में प्रस्तुत किए गए प्रस्तावों के आधार पर नियमानुसार जब्ती की कार्रवाई की।

कार्रवाई के दौरान विभिन्न प्रकरणों में आरोपियों अथवा उनके परिजनों के नाम से अर्जित बैंक खातों में जमा राशि, चार पहिया वाहन, मोटरसाइकिल, ट्रैक्टर सहित अन्य चल संपत्ति तथा कृषि भूमि, पक्के मकान एवं अन्य अचल संपत्तियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई।

पुलिस थाना अन्ता क्षेत्र में प्रकरण संख्या 291/2026 में आरोपी शुभम पुत्र श्री भगवान प्रसाद, जाति गोस्वामी, उम्र 28 साल, निवासी पिपलिया, थाना सदर बारां और भगवान प्रसाद पुत्र श्री पन्नालाल, जाति गोस्वामी, उम्र 51 साल, निवासी पिपलिया, थाना सदर बारां द्वारा धोखाधड़ी से प्राप्त अपराध की कमाई से अर्जित 11 कार, 03 मोटरसाइकिल एवं 01 ट्रैक्टर, कुल 15 वाहन, अनुमानित कीमत 37.50 लाख रुपये तथा 01 पक्का मकान, अनुमानित कीमत 50 लाख रुपये को कार्रवाई में शामिल किया गया।

पुलिस थाना अन्ता क्षेत्र में प्रकरण संख्या 72/2025 में आरोपी महेन्द्र मोंग्या पुत्र जानकीलाल, जाति मोंग्या, उम्र 54 साल, निवासी कोटड़ी, थाना अन्ता द्वारा अपराध से अर्जित 02 ट्रैक्टर, 01 कार एवं 01 मोटरसाइकिल, अनुमानित कीमत 9.60 लाख रुपये के साथ 01 पक्का मकान लगभग 15 लाख रुपये और कृषि भूमि लगभग 40 लाख रुपये की संपत्ति को चिन्हित कर कार्रवाई की गई।

पुलिस थाना हरनावदाशाहजी क्षेत्र में आरोपी दिनेश पुत्र जगन्नाथ, जाति मीणा, उम्र 28 साल, निवासी प्रेमपुरिया, थाना हरनावदाशाहजी, बिंटू पुत्र श्रवणलाल, जाति मीणा, उम्र 22 साल, निवासी प्रेमपुरिया, थाना हरनावदाशाहजी, बाबूलाल पुत्र कस्तूरचन्द, जाति मीणा, निवासी पीपल्या अखेराज, थाना एवं गोलू पुत्र प्रभुलाल, जाति मीणा, उम्र 24 साल, निवासी नारेड़ा, थाना सारथल, जिला बारां द्वारा अपराध से अर्जित 02 ट्रैक्टर और 02 मोटरसाइकिल, 7,15,850 रुपये कीमत की चल संपत्ति को धारा 106 BNSS-2023 के तहत जब्त किया गया।

पुलिस थाना अटरू क्षेत्र में प्रकरण संख्या 163/2026 में आरोपी सुरेन्द्र राठौर पुत्र श्री प्रभुलाल, जाति तेली, उम्र 35 साल, निवासी हाट चौक अटरू, पुलिस थाना अटरू द्वारा अवैध शराब की खाईवाली से अर्जित अपराध की कमाई से प्राप्त बैंक खाते में 68,273 रुपये, मोटरसाइकिल लगभग 60,000 रुपये तथा 01 पक्का मकान लगभग 50 लाख रुपये की संपत्ति के खिलाफ कार्रवाई की गई। इसके अतिरिक्त आरोपी की पत्नी के बैंक खाते में जमा 38,191 रुपये तथा भाई के नाम से पंजीकृत 01 कार, जिसकी अनुमानित कीमत 10 लाख रुपये है, को भी कार्रवाई में शामिल किया गया।

पुलिस थाना मांगरोल क्षेत्र में प्रकरण संख्या 200/2026 में आरोपी अंकित सुमन पुत्र दुलीचन्द, जाति माली, उम्र 23 साल, निवासी बिजली विभाग के पास मांगरोल, थाना मांगरोल द्वारा अवैध मादक पदार्थ गांजा तस्करी से अर्जित अपराध की कमाई से खरीदी गई 01 कार एवं 01 मोटरसाइकिल, अनुमानित कीमत 7.30 लाख रुपये तथा 01 पक्का मकान, अनुमानित कीमत 12 लाख रुपये को जब्त किया गया।

पुलिस थाना क्षेत्र मांगरोल में प्रकरण संख्या 267/2023 में आरोपी राजेन्द्र वैष्णव उर्फ राजू पुत्र रामकुंवार, जाति वैष्णव, उम्र 40 साल, निवासी मुंडिया, थाना मांगरोल द्वारा अपराध से अर्जित संपत्ति में 02 ट्रैक्टर, अनुमानित कीमत 06 लाख रुपये तथा 02 पक्के मकान, अनुमानित कीमत 35 लाख रुपये को कार्रवाई में शामिल किया गया।

पुलिस थाना सारथल क्षेत्र में आरोपी हंसराज पुत्र हीरालाल, जाति लोधा, उम्र 33 साल, निवासी सैकुण्ड, पुलिस थाना सारथल एवं उसके परिजनों के नाम अपराध की कमाई से अर्जित 02 मोटरसाइकिल और 02 कार सहित लगभग 40 लाख रुपये की चल संपत्ति के संबंध में कार्रवाई की गई।

पुलिस थाना केलवाड़ा में प्रकरण संख्या 232/-2024 में आरोपी मुकेश कुमार पुत्र रम्मू, जाति अहेड़ी, उम्र 35 साल, निवासी बाल्दा, थाना केलवाड़ा के नाम अपराध की कमाई से अर्जित मोटरसाइकिल, जिसकी अनुमानित कीमत 50,000 रुपये है, को जब्त किया गया।

पुलिस थाना क्षेत्र कवाई में प्रकरण संख्या 133/2026 में आरोपी नरेश कुमार पुत्र भंवरलाल, जाति नायक, उम्र 32 साल, निवासी तेजाजी का चौक, कवाई, थाना कवाई, जिला बारां के नाम अपराध की कमाई से अर्जित मोबाइल फोन, अनुमानित कीमत 7,500 रुपये, को जब्त किया गया।

बारां पुलिस द्वारा अपराधियों की आर्थिक गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखते हुए अपराध से अर्जित संपत्ति की पहचान एवं जब्ती की कार्रवाई लगातार की जा रही है। पुलिस के अनुसार इसका उद्देश्य अपराधियों द्वारा अपराध से अर्जित धन एवं संपत्ति का उपयोग पुनः आपराधिक गतिविधियों में किए जाने पर रोक लगाना तथा उनके आर्थिक नेटवर्क को कमजोर करना है।

बारां पुलिस की यह कार्रवाई अपराध से अर्जित संपत्तियों की पहचान और उन पर कानूनी शिकंजा कसने की दिशा में की गई कार्रवाई के रूप में सामने आई है।

Tags: