✕
जम्मू-कश्मीर में बड़ी कामयाबी; ह्यूमन GPS एनकाउंटर में खत्म
By EditorialPublished on
जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। हिजबुल कमांडर बागू खान को एनकाउंटर में ढेर कर दिया गया। आतंकी बागू खान एलओसी के पास गुप्त रास्तों और कठिन परिस्थितियों की पूरी जानकारी रखता था, इसी वजह से वह आतंकी संगठन का खास सदस्य माना जाता था।

x

जम्मू कश्मीर के गुरेज सेक्टर में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है। लंबे समय से मोस्ट वांटेड आतंकी बागू खान उर्फ समंदर चाचा को गुरुवार (28 अगस्त 2025) को एनकाउंटर में मार गिराया गया। वह साल 1955 से पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) में रह रहा था और आतंकी गिरोहों में उसे “ह्यूमन जीपीएस” के नाम से जाना जाता था। इलाके के गुप्त रास्तों और कठिन परिस्थितियों की पूरी जानकारी होने के कारण वह आतंकवादी संगठनों का सबसे अहम हिस्सा बन चुका था।
100 से ज्यादा बार कराया घुसपैठ :
रिपोर्ट्स के मुताबिक आतंकी बागू खान ने पिछले तीन वर्षों में गुरेज सेक्टर से 100 से अधिक बार घुसपैठ की कोशिशों को अंजाम दिया। उसे न सिर्फ इलाके के गुप्त रास्तों की जानकारी थी, बल्कि यह भी पता था कि विपरीत परिस्थितियों में कैसे छिपकर आगे बढ़ना है। इसी कारण वह हिजबुल समेत कई आतंकी संगठनों का भरोसेमंद साथी बना। जब वह हिजबुल का कमांडर था, तब भी उसने नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर घुसपैठ की कई योजनाएं तैयार कीं और उन्हें सफल भी कराया।
एनकाउंटर में मिला अंजाम :
सालों तक सुरक्षाबलों की नजर से बचते रहने वाला आतंकी बागू खान आखिरकार बांदीपुरा जिले के गुरेज सेक्टर में सेना की गोली का शिकार हो गया। खुफिया जानकारी मिलने पर सुरक्षाबलों ने इलाके में ऑपरेशन शुरू किया। 28 अगस्त की रात को बागू खान घुसपैठ की कोशिश कर रहा था, तभी सतर्क सैनिकों ने संदिग्ध गतिविधि देखी और उसे चुनौती दी। इसके बाद आतंकियों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में बागू खान समेत एक और आतंकी को सेना ने ढेर कर दिया। अगले दिन यानी 29 अगस्त की सुबह तक इलाके में तलाशी अभियान जारी रहा।
आतंकी नेटवर्क को बड़ा झटका :
सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि आतंकी बागू खान का खात्मा इलाके में सक्रिय आतंकी संगठनों के लिए बड़ा झटका है। वह आतंकी लॉजिस्टिक नेटवर्क का महत्वपूर्ण हिस्सा था और उसके जरिए कई आतंकी ग्रुप घुसपैठ की साजिशों को सफल बना पाते थे। बागू खान की मौत से अब आतंकियों की रणनीति को गंभीर नुकसान पहुंचा है।
सेना का बयान :
भारतीय सेना ने बयान जारी कर कहा कि गुरेज सेक्टर में सतर्क सैनिकों ने संदिग्ध गतिविधियों को देखा और घुसपैठियों को चुनौती दी। इस पर आतंकवादियों ने गोलियां चलाईं, जिसके जवाब में सैनिकों ने प्रभावी कार्रवाई की और दो आतंकियों को ढेर कर दिया। सेना ने साफ कहा कि एलओसी पर घुसपैठ की किसी भी कोशिश को नाकाम किया जाएगा।
अभी प्रातःकाल Telegram चैनल को Subscribe करें और बनें ₹25,000 के लकी विनर!
कौन था आतंकी बागू खान :
जानकारी के मुताबिक आतंकी बागू खान का नाम जम्मू कश्मीर के सबसे वांटेड आतंकियों की सूची में लंबे समय से शामिल था। वह इलाके के गुप्त रास्तों और भौगोलिक परिस्थितियों का गहरा जानकार था। इसी कारण उसे “ह्यूमन जीपीएस” कहा जाता था। उसकी मौत के बाद गुरेज सेक्टर में आतंकी गतिविधियों पर रोक लगने की संभावना जताई जा रही है।

Editorial
Next Story
Related News
X
