पूजा स्पेशल ट्रेनें
त्योहारों का मौसम शुरू होते ही पूरे देश में रेल यात्रियों की संख्या तेजी से बढ़ जाती है। इस बार भी त्योहारों के दौरान यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए भारतीय रेलवे ने बड़ा फैसला लिया है। रेलवे ने 21 सितंबर से 30 नवंबर 2025 तक कुल 150 पूजा स्पेशल ट्रेनें चलाने की घोषणा की है। इन ट्रेनों के माध्यम से 2024 अतिरिक्त ट्रिप्स सुनिश्चित की जाएंगी, जिससे लाखों यात्रियों को अपने घर सुरक्षित और समय पर पहुंचने में मदद मिलेगी।

बिहार जाने वाले यात्रियों को सबसे ज्यादा फायदा :
भारतीय रेल के मुताबिक, बिहार जाने वाले यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ही सबसे बड़ी संख्या में स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। कुल मिलाकर 12000 से अधिक ट्रेनों को चलाने की योजना पहले ही तैयार हो चुकी है और अब धीरे-धीरे उनकी अधिसूचना भी जारी की जा रही है। इसमें पूजा स्पेशल ट्रेनें सबसे खास होंगी, क्योंकि त्योहार के सीजन में बिहार की ओर भारी भीड़ उमड़ती है।
दक्षिण मध्य रेलवे चलाएगा सबसे ज्यादा पूजा स्पेशल ट्रेनें :
भारतीय रेलवे की योजना के तहत दक्षिण मध्य रेलवे सबसे ज्यादा 48 पूजा स्पेशल ट्रेनें चलाएगा, जिनसे 684 अतिरिक्त ट्रिप्स सुनिश्चित होंगी। इन ट्रेनों का संचालन मुख्यतः हैदराबाद, सिकंदराबाद और विजयवाड़ा जैसे बड़े स्टेशनों से किया जाएगा।
पूर्वी भारत से भी कई ट्रेनें होंगी संचालित :
पूर्व मध्य रेलवे ने 14 विशेष ट्रेनें अधिसूचित की हैं जो पटना, गया, दरभंगा और मुज़फ़्फ़रपुर जैसे बिहार के प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेंगी। इनसे कुल 588 ट्रिप्स पूरे होंगे। वहीं, पूर्व रेलवे द्वारा कोलकाता, हावड़ा और सियालदह जैसे बड़े स्टेशनों से 24 पूजा स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी, जो 198 ट्रिप्स पूरा करेंगी।
पश्चिम और दक्षिण भारत में भी मिलेगा लाभ :
पश्चिम रेलवे ने मुंबई, सूरत और वडोदरा से 24 विशेष ट्रेनें घोषित की हैं, जिनसे 204 ट्रिप्स संचालित होंगी। दक्षिण रेलवे द्वारा चेन्नै, कोयंबत्तूर और मदुरै जैसे स्टेशनों से 10 ट्रेनें चलाई जाएंगी, जो कुल 66 ट्रिप्स पूरी करेंगी। इसके अलावा पूर्व तट रेलवे से भुवनेश्वर, पुरी और सम्बलपुर, दक्षिण पूर्व रेलवे से रांची और टाटानगर, उत्तर मध्य रेलवे से प्रयागराज और कानपुर, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे से बिलासपुर और रायपुर तथा पश्चिम मध्य रेलवे से भोपाल और कोटा जैसे शहरों को भी जोड़ने वाली पूजा स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी।

जानकारी कहां मिलेगी :
रेलवे ने स्पष्ट किया है कि इन ट्रेनों की पूरी सूची, समय सारणी, रूट और ठहराव की जानकारी रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट, IRCTC और नजदीकी रेलवे स्टेशनों पर उपलब्ध है। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे अग्रिम बुकिंग कराएं और अपने टिकट की पुष्टि पहले से सुनिश्चित कर लें। साथ ही सफर के दौरान सुरक्षा और स्वच्छता से संबंधित दिशा-निर्देशों का पालन करना भी जरूरी होगा।
भी प्रातःकाल Telegram चैनल को Subscribe करें और बनें ₹25,000 के लकी विनर!
क्यों जरूरी हैं पूजा स्पेशल ट्रेनें :
हर साल त्योहारों के दौरान बिहार, उत्तर प्रदेश, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और दक्षिण भारत जाने वाले यात्रियों की भारी भीड़ रहती है। सामान्य ट्रेनों में लंबी वेटिंग की वजह से यात्रियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में रेलवे का यह फैसला यात्रियों को बड़ी राहत देगा। इस बार जारी अधिसूचना और अतिरिक्त ट्रिप्स से उम्मीद है कि भीड़ का दबाव काफी हद तक कम होगा।
Editorial

Editorial

Next Story