लाल सागर में टाइटैनिक तबाही; हूती विद्रोहियों ने दागीं मिसाइलें
लाल सागर में समुद्री व्यापार पर एक बार फिर बड़ा खतरा मंडरा उठा है। 6 जुलाई 2025 को यमन के हूती विद्रोहियों ने लाइबेरिया के झंडे और यूनानी स्वामित्व वाले बल्क कैरियर जहाज ‘मैजिक सीज’ पर भीषण हमला कर दिया। इस हमले में जहाज पर मौजूद 3 नाविकों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। घटना के बाद वैश्विक व्यापार मार्गों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल उठ खड़े हुए हैं।
कैसे हुआ हमला ?
हूती विद्रोहियों ने ड्रोन, मिसाइल, रॉकेट लॉन्चर और छोटे हथियारों से जहाज पर हमला बोला। चंद पलों में जहाज में आग लग गई और भीषण विस्फोटों के बाद वह दो टुकड़ों में टूट गया। देखते ही देखते ‘मैजिक सीज’ समुद्र में समा गया। यह घटना उस समय हुई जब जहाज स्वेज नहर की ओर बढ़ रहा था, जो दुनिया के सबसे व्यस्त समुद्री व्यापार मार्गों में से एक है।
हूतियों ने जारी किया हमले का वीडियो :
हूती विद्रोहियों ने इस हमले का एक वीडियो भी जारी किया है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि जहाज पर जोरदार धमाके हो रहे हैं और आग की लपटों में घिरा जहाज अंततः समुद्र में डूब जाता है। हूतियों ने इस हमले की जिम्मेदारी लेते हुए दावा किया कि यह जहाज इजरायल के खिलाफ उनकी नाकाबंदी का उल्लंघन कर रहा था।
3 की मौत, कई घायल, चालक दल ने बचाई जान :
यूरोपीय संघ के नौसैनिक मिशन ‘ऑपरेशन एस्पाइड्स’ ने पुष्टि की है कि इस हमले में 3 नाविकों की मौत हुई, जबकि 2 अन्य घायल हो गए, जिनमें एक व्यक्ति ने अपना पैर खो दिया। जहाज पर कुल 22 चालक दल के सदस्य सवार थे, जिन्होंने समय रहते समुद्र में कूदकर अपनी जान बचाई। बाद में उन्हें सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया। जहाज पर तैनात सशस्त्र सुरक्षाकर्मियों ने जवाबी कार्रवाई की, लेकिन वे नुकसान को रोकने में असफल रहे।
वैश्विक व्यापार पर बड़ा खतरा :
यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब लाल सागर और स्वेज नहर के जरिए बड़ी मात्रा में वैश्विक व्यापार होता है। हूतियों के लगातार हो रहे हमलों से इस रूट पर जहाजों की आवाजाही पर असर पड़ रहा है और वैश्विक सप्लाई चेन को बड़ा झटका लग रहा है। हूती विद्रोही इन हमलों को हमास के समर्थन में अंजाम देने का दावा कर रहे हैं। उनका कहना है कि ये कार्रवाई इजरायल-हमास संघर्ष के जवाब में की जा रही है।
अभी प्रातःकाल Telegram चैनल को Subscribe करें और बनें ₹25,000 के लकी विनर!
बढ़ी अंतरराष्ट्रीय चिंता :
हमले के बाद अंतरराष्ट्रीय समुदाय ने इस घटना की कड़ी निंदा की है। कई देशों और संगठनों ने क्षेत्र में बढ़ते तनाव को कम करने की अपील की है। इस हमले ने एक बार फिर मध्य पूर्व की जटिल भू-राजनीतिक स्थिति को और गहरा कर दिया है।
समुद्री सुरक्षा पर संकट :
लाल सागर में लगातार हो रहे हमलों से अंतरराष्ट्रीय समुद्री सुरक्षा संकट में है। अमेरिका और यूरोपीय देशों द्वारा गठित सुरक्षा मिशन पहले से ही इस क्षेत्र में गश्त कर रहे हैं, फिर भी हूतियों के हमले थम नहीं रहे। यह स्थिति आने वाले दिनों में वैश्विक अर्थव्यवस्था के लिए नई चुनौतियां खड़ी कर सकती है।
Next Story