नीतीश-किशोर की जंग तेज़; पुलिसने किया लाठीचार्ज
बिहार विधानसभा के मानसून सत्र के बीच प्रशांत किशोर की जनसुराज पार्टी ने पटना में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रशांत किशोर के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने विधानसभा का घेराव करने की कोशिश की, जिसे रोकने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच जमकर धक्का-मुक्की हुई, जिसमें कई कार्यकर्ता घायल हो गए।
क्यों भड़के प्रशांत किशोर ?
प्रशांत किशोर और उनकी पार्टी के कार्यकर्ता तीन प्रमुख मुद्दों को लेकर विधानसभा घेराव करने निकले—
  • सरकार की घोषणा के बावजूद गरीब परिवारों को रोजगार के लिए 2 लाख रुपये क्यों नहीं दिए गए?
  • दलित भूमिहीन परिवारों को 3 डिसमिल जमीन क्यों नहीं मिली?
  • भूमि सर्वेक्षण में व्याप्त भ्रष्टाचार पर चर्चा क्यों नहीं हो रही है?
‘यह जंग की शुरुआत है’ – प्रशांत किशोर
प्रशांत किशोर ने सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा, “हम यहीं डटे रहेंगे, जब तक सरकार का कोई प्रतिनिधिमंडल हमें आश्वासन नहीं देता। यह जंग की शुरुआत है, हम इनका जीना दुश्वार कर देंगे। बिहार की जनता बदलाव चाहती है और ये लोग पुलिस के पीछे छिपकर बच नहीं सकते।”
उन्होंने चेतावनी दी कि वे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को उनके घर में घेर लेंगे। “हम नीतीश कुमार को उनके घर में बंधक बना देंगे। एक लाख आदमी लेकर उनका घेराव करेंगे और उन्हें निकलने नहीं देंगे,” उन्होंने कहा।
भी प्रातःकाल Telegram चैनल को Subscribe करें और बनें ₹25,000 के लकी विनर!
हस्ताक्षर अभियान के बाद निकला मार्च :
जनसुराज ने बताया कि यह मार्च एक करोड़ लोगों के हस्ताक्षर जुटाने के बाद शुरू किया गया है। प्रशांत किशोर का दावा है कि राज्यपाल और मुख्यमंत्री से मिलने से उन्हें रोका जा रहा है, लेकिन आंदोलन तब तक नहीं रुकेगा जब तक उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं होती।
पुलिस कार्रवाई पर गरमाई सियासत :
लाठीचार्ज और झड़पों के बाद जनसुराज ने नीतीश सरकार पर दमन का आरोप लगाया है। प्रशांत किशोर ने कहा कि उन्हें दबाने की कोशिश की जा रही है, लेकिन उनका आंदोलन अब रुकने वाला नहीं है। राज्य की सियासत में यह टकराव बड़ा मोड़ साबित हो सकता है।
Next Story