दिल्ली-NCR में फिर कांपी धरती; तेज झटकों से दहशत
आज (10 जुलाई 2025) की सुबह उत्तर भारत के कई हिस्सों में धरती हिल गई। दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के मेरठ, हापुड़ और सोनीपत सहित कई शहरों में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (NCS) के अनुसार, भूकंप का केंद्र हरियाणा के झज्जर जिले में था। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 4.4 दर्ज की गई और गहराई करीब 10 किलोमीटर रही।
सुबह 9:04 बजे आए इस भूकंप ने लोगों को अचानक हिला कर रख दिया। कई जगहों पर लोग डर के कारण घरों और ऑफिसों से बाहर निकल आए। झज्जर के अलावा सोनीपत में भी तेज झटके महसूस किए गए। यूपी के मेरठ और हापुड़ में भी धरती हिलने की खबरें सामने आईं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, सुबह 9 बजकर 5 मिनट पर धरती कुछ सेकंड के लिए हिली, जिससे लोग घबराकर बाहर निकल आए।
दिल्ली-NCR में फिर से धरती हिली :
दिल्ली और एनसीआर (नोएडा, गाजियाबाद, गुड़गांव, फरीदाबाद आदि) में समय-समय पर भूकंप के झटके महसूस होते रहते हैं। भूकंप के लिहाज से दिल्ली जोन IV में आता है, जो कि भारत के भूकंपीय नक्शे पर दूसरी सबसे संवेदनशील श्रेणी है। यही कारण है कि हल्के और मध्यम तीव्रता के झटके यहां अक्सर महसूस किए जाते हैं।
दिल्ली में अक्सर भूकंप के केंद्र कहीं दूर होते हैं, कभी अफगानिस्तान, तो कभी नेपाल में, लेकिन इस बार भूकंप का केंद्र राजधानी के काफी करीब हरियाणा के झज्जर जिले में रहा। इसकी वजह से झटकों की तीव्रता भी अधिक महसूस हुई और लोग ज्यादा दहशत में आ गए।
सोशल मीडिया पर हलचल :
भूकंप के झटकों के तुरंत बाद सोशल मीडिया पर लोगों की प्रतिक्रियाएं आनी शुरू हो गईं। ट्विटर, इंस्टाग्राम और फेसबुक पर लोगों ने भूकंप के झटकों को लेकर पोस्ट करना शुरू कर दिया। कुछ लोगों ने डर और घबराहट जाहिर की, तो कुछ ने मजाकिया मीम्स और फनी कमेंट्स के जरिए माहौल को हल्का किया।
एक यूजर ने लिखा, "सुबह की मीटिंग से अच्छा तो भूकंप था, कम से कम उठ कर बाहर भागना तो पड़ा।" वहीं, किसी ने कहा, "दिल्ली वालों के लिए यह भी रूटीन बन गया है, मौसम बदलो या भूकंप आओ, हम तैयार हैं।"
क्या था असर ?
फिलहाल किसी तरह के जान-माल के नुकसान की खबर सामने नहीं आई है। भूकंप की तीव्रता मध्यम थी, जिससे बड़े नुकसान की आशंका नहीं है। फिर भी प्रशासन अलर्ट पर है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार है।
अभी प्रातःकाल Telegram चैनल को Subscribe करें और बनें ₹25,000 के लकी विनर!
विशेषज्ञों की राय :
भूगर्भीय विशेषज्ञों का कहना है कि दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा का इलाका भूकंपीय गतिविधियों के लिहाज से संवेदनशील है। यहां समय-समय पर छोटे और मध्यम स्तर के झटके आना सामान्य प्रक्रिया है, लेकिन लोगों को हमेशा सतर्क रहना चाहिए और भूकंप के दौरान सुरक्षा के नियमों का पालन करना चाहिए।
Editorial

Editorial

Next Story