Village Life on Screen: ‘Gram Chikitsalay’ Tops the List!
5/3/2025 5:24:21 PM
अगर आप भी ग्रामीण भारत की मिट्टी से जुड़ी कहानियों के दीवाने हैं, तो यह खबर आपके लिए किसी तोहफे से कम नहीं है। ‘पंचायत’, ‘दुपहिया’ जैसी सुपरहिट वेब सीरीज के बाद अब ‘ग्राम चिकित्सालय’ दर्शकों को गांव की गलियों में फिर से घुमाने के लिए तैयार है। इन वेब सीरीज ने न सिर्फ ग्रामीण जीवन की सादगी और संघर्ष को बखूबी दर्शाया, बल्कि शहरों में रहने वाले लोगों को भी गांव से भावनात्मक रूप से जोड़ने का काम किया है।
‘ग्राम चिकित्सालय’: डॉक्टर प्रभात की दिल को छूने वाली कहानी :
‘ग्राम चिकित्सालय’ एक ऐसी सीरीज है जो गांव की जमीनी सच्चाइयों और स्वास्थ्य व्यवस्था की चुनौतियों को हास्य और मानवीय दृष्टिकोण के साथ सामने लाती है। अमोल पाराशर इस सीरीज में डॉ. प्रभात की भूमिका निभा रहे हैं, जो गांव में आकर अपनी जिम्मेदारियों को निभाने की कोशिश करते हैं। ट्रेलर में डॉक्टर की जिंदगी, ग्रामीणों की गलतफहमियां, राजनीति, संसाधनों की कमी और जुगाड़ से भरी परिस्थितियों को बखूबी दिखाया गया है।
सीरीज का निर्माण द वायरल फीवर (TVF) के बैनर तले किया गया है और इसे राहुल पांडे ने डायरेक्ट किया है। कहानी वैभव सुमन और श्रेया श्रीवास्तव की है, जो गांव की सादगी और जटिलताओं का अनोखा मिश्रण पेश करती है।
'पंचायत 4' भी दे रहा दस्तक :
‘पंचायत’ वेब सीरीज ने दर्शकों के दिलों में खास जगह बना ली है। सचिव जी, प्रधान जी और बाकी ग्रामीण किरदारों की हल्की-फुल्की कॉमिक और इमोशनल जर्नी को लोग काफी पसंद कर चुके हैं। अब इस सीरीज का चौथा सीजन 2 जुलाई को अमेजन प्राइम वीडियो पर रिलीज होने जा रहा है।
सीजन 4 में फुलेरा गांव की नई राजनीतिक हलचल, सचिव जी की नई चुनौतियां और गांव के रिश्तों की गहराई को फिर से पर्दे पर दिखाया जाएगा। इस सीरीज की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह आधुनिकता और परंपरा के बीच एक मजबूत पुल बनाती है।
‘दुपहिया 2’: धड़कपुर की कहानी में नया मोड़ :
गजराज राव और रेणुका शहाणे स्टारर वेब सीरीज ‘दुपहिया’ ने भी पहले सीजन में अपनी अलग छाप छोड़ी थी। अब इसका दूसरा सीजन आने वाला है, जिसकी घोषणा हो चुकी है। काल्पनिक गांव धड़कपुर की पृष्ठभूमि पर बनी इस सीरीज में सामाजिक संदेश, हास्य और मानवीय भावनाएं एक साथ देखने को मिलती हैं।
पहले सीजन की सफलता को देखते हुए मेकर्स अब और गहराई में जाकर धड़कपुर के नए किस्सों को पेश करने की तैयारी में हैं। सीरीज में भुवन अरोड़ा, स्पर्श श्रीवास्तव, यशपाल शर्मा और शिवानी रघुवंशी जैसे कलाकारों का बेहतरीन अभिनय देखने को मिला था, जो अब नए सीजन में और आगे बढ़ेगा।
क्यों हैं ये सीरीज खास ?
इन तीनों वेब सीरीज की सबसे खास बात है इनका लोकल कनेक्शन, ग्रामीण परिवेश की सच्ची झलक और दर्शकों से भावनात्मक जुड़ाव। गांवों में होने वाली राजनीतिक उठापटक, स्वास्थ्य सेवाओं की चुनौतियां, पारिवारिक रिश्ते और लोगों के संघर्ष को जिस सरल लेकिन प्रभावशाली ढंग से ये सीरीज पेश करती हैं, वो कहीं न कहीं हर दर्शक को अपना अक्स दिखाती हैं।अगर आप डिजिटल दुनिया में एक ऐसा कंटेंट तलाश रहे हैं जो दिल को छू जाए और सोचने पर मजबूर कर दे, तो ‘ग्राम चिकित्सालय’, ‘पंचायत 4’ और ‘दुपहिया 2’ आपकी वॉचलिस्ट में जरूर होनी चाहिए।
Editorial

Editorial

Next Story