‘ऑपरेशन बंगाल’ की बात कर ममता ने मोदी को दी चुनौती
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच एक बार फिर जुबानी जंग तेज हो गई है। पीएम मोदी द्वारा अपने पश्चिम बंगाल दौरे के दौरान तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सरकार पर लगाए गए आरोपों के जवाब में ममता बनर्जी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने प्रधानमंत्री पर बंगाल की जनता को अपमानित करने का आरोप लगाते हुए कहा कि जब राज्य आतंकवाद के खिलाफ केंद्र का समर्थन कर रहा है, तब ऐसी बयानबाजी दुर्भाग्यपूर्ण है।
ममता बनर्जी ने ऑपरेशन सिंदूर और पहलगाम आतंकी हमले के संदर्भ में प्रधानमंत्री के बयानों को आड़े हाथों लिया और कहा, “प्रधानमंत्री ने आज जो कुछ भी कहा, वह न केवल स्तब्ध करने वाला है, बल्कि बेहद दुर्भाग्यपूर्ण भी है। यह वह समय नहीं है जब देश को बांटने की राजनीति की जाए।” मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि बीजेपी की नीति “बांटो और राज करो” की है, जो देश के सामाजिक तानेबाने को नुकसान पहुंचा रही है।
ममता बनर्जी का पीएम मोदी को खुला चैलेंज :
मुख्यमंत्री बनर्जी ने प्रधानमंत्री को सीधे तौर पर चुनौती देते हुए कहा, “अगर उनमें हिम्मत है तो वे कल ही चुनाव में उतरें। हम तैयार हैं और बंगाल आपकी चुनौती स्वीकार करने के लिए तैयार है।” उन्होंने कहा कि पूरा विपक्ष इस समय देश का प्रतिनिधित्व कर रहा है, और राष्ट्रीय हितों की रक्षा के लिए एकजुट है।
बनर्जी ने यह भी कहा कि टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी इस समय विदेशी प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा हैं और वे लगातार अंतरराष्ट्रीय मंचों पर आतंकवाद के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “आप इस समय विपक्ष को दोष देकर चीजों का राजनीतिकरण करना चाहते हैं, ताकि बीजेपी एक बार फिर अपनी 'जुमला पार्टी' की छवि के साथ चुनावी लाभ ले सके।”

“पीएम मोदी झूठ बोल रहे हैं” – ममता बनर्जी :
ममता बनर्जी ने प्रधानमंत्री पर झूठ बोलने का आरोप लगाते हुए कहा, “पीएम मोदी देश को लूटते हैं और फिर झूठे बयानों से लोगों का ध्यान भटकाते हैं। ऑपरेशन सिंदूर के बारे में मेरी कोई निजी टिप्पणी नहीं है, लेकिन कृपया यह याद रखें कि हर महिला का सम्मान होता है और इसे राजनीतिक उद्देश्यों के लिए इस्तेमाल करना गलत है।”
उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र सरकार ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का नाम राजनीतिक मंशा से रखा है, ताकि इसे महिला सशक्तिकरण से जोड़ कर इसका राजनीतिक लाभ उठाया जा सके, जबकि इसके पीछे की गंभीरता को नजरअंदाज किया जा रहा है।
अभी प्रातःकाल Telegram चैनल को Subscribe करें और बनें ₹25,000 के लकी विनर!
पीएम मोदी का आरोप – “बंगाल में मची चीख-पुकार”
उधर अलीपुरद्वार की एक जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि बंगाल की जनता को अब टीएमसी सरकार पर भरोसा नहीं रहा। उन्होंने कहा, “यहां की जनता के पास अब सिर्फ कोर्ट का ही आसरा है, इसलिए पूरा बंगाल कह रहा है – बंगाल में मची चीख-पुकार, नहीं चाहिए निर्मम सरकार।”
इस बयान के बाद दोनों नेताओं के बीच सियासी टकराव और भी तीखा हो गया है। आगामी चुनावों के मद्देनज़र यह राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप और भी गहराने की संभावना है। अब देखना होगा कि इस बयानबाज़ी की गूंज जनता तक कैसे पहुंचती है और यह आगामी राजनीतिक समीकरणों को किस दिशा में मोड़ती है।
Editorial

Editorial

Next Story