Pak Army Warns India: Tensions Soar
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव चरम पर पहुंच गया है। भारत जहां इस हमले को गंभीरता से लेते हुए पाकिस्तान के खिलाफ सख्त रुख अपना रहा है, वहीं पाकिस्तान की ओर से एक बार फिर भड़काऊ बयानबाज़ी शुरू हो गई है।
बुधवार को पाकिस्तान के सेना प्रवक्ता लेफ्टिनेंट जनरल अहमद शरीफ चौधरी (Ahmed sharif chaudhry) ने इस्लामाबाद में डिप्टी प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इशाक डार (Ishaq Dar) के साथ एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में भारत को खुली धमकी दी। उन्होंने कहा,"हमले की जगह भारत तय करेगा, लेकिन खत्म कहां होगी, ये हम तय करेंगे। अगर भारत ने कोई भी आक्रामक कार्रवाई की, तो उसे करारा और रणनीतिक जवाब दिया जाएगा।"
तीनों सेनाएं अलर्ट पर, सीमाओं पर बढ़ाई निगरानी :
चौधरी ने दावा किया कि पाकिस्तान की थल सेना, नौसेना और वायुसेना सभी मोर्चों पर जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। पूर्वी और पश्चिमी सीमाओं पर निगरानी कड़ी कर दी गई है। उन्होंने कहा, "हम अपनी संप्रभुता की रक्षा के लिए किसी भी हद तक जाएंगे। जवाबी कार्रवाई के सभी विकल्प खुले हैं।"
"भारत हमले का कर रहा है राजनीतिक फायदा" :
लेफ्टिनेंट जनरल चौधरी ने भारत पर यह भी आरोप लगाया कि वह पहलगाम हमले को चुनावी फायदे के लिए इस्तेमाल कर रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि भारत ने इतनी जल्दी पाकिस्तान को दोषी कैसे ठहरा दिया, जबकि हमला नियंत्रण रेखा से 230 किलोमीटर दूर हुआ था।
उन्होंने कहा, "हर बार की तरह भारत ने बिना किसी सबूत के पाकिस्तान पर आरोप मढ़ दिया है। यह चुनावों से पहले मुस्लिम विरोधी माहौल बनाने की रणनीति है।"
भारतीय जेलों में पाक कैदियों के फर्जी एनकाउंटर का आरोप :
प्रेस कॉन्फ्रेंस में चौधरी ने यह गंभीर आरोप भी लगाया कि भारत की जेलों में बंद पाकिस्तानी नागरिकों को फर्जी मुठभेड़ों में मारा जा रहा है। उन्होंने मुहम्मद फारूक नामक व्यक्ति का उदाहरण देते हुए कहा कि उसे उरी में घुसपैठिया बताकर मार गिराया गया, जबकि वह एक निर्दोष पाक नागरिक था।
Editorial

Editorial

Next Story