Pawar Clarifies; Not Against Modi...
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए भीषण आतंकी हमले के बाद देश की राजनीतिक फिजा में एक नया माहौल देखने को मिल रहा है। जहां एक ओर केंद्र सरकार लगातार हाई-लेवल मीटिंग कर रही है, वहीं दूसरी ओर विपक्षी दलों ने भी इस संकट की घड़ी में सरकार के समर्थन का ऐलान किया है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी-एसपी) प्रमुख और पूर्व रक्षा मंत्री शरद पवार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पूर्ण समर्थन देने की बात कही है। उन्होंने कहा कि ऐसे समय में धर्म, जाति और राजनीति से ऊपर उठकर एकजुटता ज़रूरी है।
पवार ने क्या कहा?
महाराष्ट्र के ठाणे में 'तुलजा भवानी' मंदिर में आयोजित प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शामिल होने के बाद मीडिया से बात करते हुए शरद पवार ने कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके सहयोगी जो भी कदम उठाएंगे, हम उनका पूरा समर्थन करेंगे।"
उन्होंने आगे कहा कि ऐसे राष्ट्रीय मुद्दों पर संसद और सभी पार्टियों का एकमत होना आवश्यक है।
संसद विशेष सत्र की मांग का समर्थन :
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर इस हमले पर संसद का विशेष सत्र बुलाने की मांग की है। इस पर शरद पवार ने कहा कि वह इस मांग के साथ हैं।
"हमारे कुछ सहयोगियों ने संसद के विशेष सत्र की मांग की है। पूरा देश एकजुट है। संसद की एकजुटता से अंतरराष्ट्रीय समुदाय को भी सटीक संदेश जाएगा," पवार ने कहा।
सरकार का रुख सख्त, सेना को खुली छूट :
सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी ने उच्च स्तरीय सुरक्षा बैठक में सुरक्षा बलों को खुली छूट दे दी है कि वे हमले में शामिल एक-एक आतंकियों को खोजकर मार गिराएं। हमले की जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) कर रही है। 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकियों ने पर्यटकों की बस को निशाना बनाया, जिसमें 26 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। इसके बाद से राज्य में हाई अलर्ट है और सुरक्षाबलों ने सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।
Editorial

Editorial

Next Story