Terrorist Attack : Kupwara Trembles After Pahalgam Attack
जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद विरोधी अभियानों ने जोर पकड़ लिया है। पिछले 24 घंटों के भीतर सुरक्षाबलों ने सक्रिय आतंकवादियों के चार ठिकानों को ध्वस्त कर दिया, वहीं कुपवाड़ा जिले में अज्ञात बंदूकधारियों ने एक आम नागरिक की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, कंडी खास इलाके में शनिवार देर रात 45 वर्षीय गुलाम रसूल मगरे पर अज्ञात हमलावरों ने गोली चलाई। गंभीर रूप से घायल मगरे को तत्काल इलाज के लिए श्रीनगर के अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि मगरे का भाई गुलाम मोहिदीन मगरे नियंत्रण रेखा पार कर पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ गया था, जिससे हत्या के पीछे संभावित आतंकी एंगल की भी जांच की जा रही है।
हमले के बाद सुरक्षा बलों ने इलाके में व्यापक तलाशी अभियान चलाया और आरोपियों की तलाश जारी है। मामले की गहन जांच के लिए पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है।
चार आतंकियों के घरों को उड़ाया गया :
सुरक्षा बलों ने कश्मीर में आतंकवादियों और उनके समर्थकों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। शनिवार शाम से अब तक ज़ैनपोरा (शोपियां), बांदीपोरा और पुलवामा के त्राल इलाके में आतंकियों के तीन ठिकानों को विस्फोटकों से ध्वस्त किया गया। जिन आतंकियों के घर नष्ट किए गए हैं, उनमें अदनान सफी डार, जमील अहमद शीर गोजरी और आमिर नजीर वानी के नाम प्रमुख हैं। इस सप्ताह की शुरुआत में भी कई घरों को ध्वस्त किया गया था।
दो ओवर ग्राउंड वर्कर (OGW) को हिरासत में लिया गया :
इस बीच, बडगाम जिले में दो कट्टर राष्ट्र-विरोधी तत्वों ताहिर अहमद कुमार और शबीर अहमद गनई को सार्वजनिक सुरक्षा अधिनियम (PSA) के तहत गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि दोनों सक्रिय आतंकवादी संगठनों को समर्थन दे रहे थे और स्थानीय युवाओं को आतंकवादी संगठनों में शामिल होने के लिए प्रेरित कर रहे थे। पुलिस के एक बयान में कहा गया, "इन गिरफ्तारियों से जिले में आतंकवादी समर्थन नेटवर्क को खत्म करने में महत्वपूर्ण सफलता मिली है।"
जम्मू-कश्मीर में सुरक्षाबलों की सख्त कार्रवाई से आतंकवाद के नेटवर्क को कमजोर करने की दिशा में ठोस प्रयास हो रहे हैं। आतंकवादियों और उनके मददगारों के खिलाफ निर्णायक कदम उठाते हुए पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां मिलकर क्षेत्र में शांति स्थापित करने के लिए लगातार कार्रवाई कर रही हैं।
यह भी पढे :
Editorial

Editorial

Next Story