उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027: आवश्यक सेवाओं के कर्मियों को डाक मतपत्र की सुविधा
अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने विभागों को निर्देश जारी कर आवश्यक सेवाओं में कार्यरत कर्मियों की सूची जल्द उपलब्ध कराने को कहा।
देहरादून सचिवालय में चुनाव तैयारियों को लेकर अधिकारियों संग समीक्षा बैठक करते डॉ. विजय कुमार जोगदंडे।
देहरादून। उत्तराखंड में विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2027 की तैयारियों को लेकर निर्वाचन विभाग ने प्रशासनिक स्तर पर गतिविधियां तेज कर दी हैं। मतदान दिवस पर आवश्यक सेवाओं से जुड़े कार्मिकों की शत-प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए निर्वाचन विभाग ने संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत डाक मतपत्र के माध्यम से मतदान की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए मुख्यालय स्तर पर वरिष्ठ अधिकारियों की तैनाती की जाएगी।
अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने शुक्रवार को सचिवालय स्थित वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली सभागार में आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2027 के मद्देनजर आवश्यक सेवाओं की श्रेणी में अधिसूचित किए जाने वाले विभागों, कार्यालयों एवं उपक्रमों के अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आवश्यक सेवाओं से जुड़े कार्मिकों की सूची यथाशीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
डॉ. जोगदंडे ने कहा कि मतदान दिवस पर ड्यूटी में तैनात रहने वाले आवश्यक सेवाओं के कार्मिकों को भी अपने मताधिकार का प्रयोग करने का अवसर मिलना चाहिए। इसके लिए उन्होंने सभी संबंधित विभागों को मुख्यालय स्तर पर वरिष्ठ अधिकारी तैनात करने के निर्देश दिए, ताकि डाक मतपत्र के माध्यम से मतदान की सुविधा उपलब्ध कराने की पूरी प्रक्रिया व्यवस्थित ढंग से संचालित की जा सके।
अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि इस व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य निर्वाचन प्रक्रिया में प्रत्येक कार्मिक की शत-प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करना है। आवश्यक सेवाओं में कार्यरत कार्मिक मतदान दिवस पर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए भी लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भाग ले सकें, इसके लिए विभागीय स्तर पर समय रहते आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री किशन सिंह नेगी सहित पुलिस, अग्निशमन, एसडीआरएफ, स्वास्थ्य, खाद्य आपूर्ति, परिवहन, पशुपालन, सूचना एवं लोकसम्पर्क, दूरदर्शन केंद्र, ऊर्जा निगम और पेयजल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2027 से पहले आवश्यक सेवाओं से जुड़े कार्मिकों की सूची तैयार करने और उनके मतदान की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए निर्वाचन विभाग ने विभागीय समन्वय की प्रक्रिया शुरू कर दी है।