देहरादून सचिवालय में तृतीय प्रवासी उत्तराखण्डी दिवस सम्मेलन की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु।   

देहरादून में 13 नवंबर को आयोजित होने वाले तृतीय प्रवासी उत्तराखण्डी दिवस सम्मेलन-2026 को अंतरराष्ट्रीय स्तर के अनुरूप, युवा-केंद्रित और नवाचारपूर्ण स्वरूप में आयोजित करने की तैयारी शुरू हो गई है। प्रमुख सचिव श्री आर.के. सुधांशु ने बुधवार को सचिवालय में सम्मेलन की तैयारियों के संबंध में गठित समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए अधिकारियों को प्रवासी उत्तराखण्डियों के साथ सार्थक संवाद स्थापित करने और राज्य के विकास में उनके अनुभवों, सुझावों एवं योगदान का लाभ लेने के निर्देश दिए।

बैठक में सम्मेलन के सफल आयोजन, व्यापक प्रचार-प्रसार और प्रवासी उत्तराखण्डियों की सहभागिता सुनिश्चित करने के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रमुख सचिव ने कहा कि सम्मेलन को विशिष्ट पहचान दिलाने के लिए इसका आयोजन अंतरराष्ट्रीय स्तर के अनुरूप किया जाए। उन्होंने देश के विभिन्न प्रांतों और शहरों में रहकर अलग-अलग क्षेत्रों में कार्य कर रहे प्रवासी उत्तराखण्डियों को चिह्नित कर सम्मेलन में आमंत्रित करने पर विशेष ध्यान देने को कहा।

प्रमुख सचिव ने निर्देश दिए कि सम्मेलन के माध्यम से प्रवासी उत्तराखण्डियों के साथ सार्थक संवाद स्थापित किया जाए, ताकि राज्य के विकास के लिए उनके अनुभवों, सुझावों और योगदान का लाभ लिया जा सके। बैठक में अधिकारियों ने अवगत कराया कि तृतीय प्रवासी उत्तराखण्डी दिवस के लिए पंजीकरण प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। सम्मेलन का आयोजन देहरादून स्थित दून विश्वविद्यालय के नित्यानंद ऑडिटोरियम में किया जाएगा।

प्रमुख सचिव ने संबंधित अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर सम्मेलन की विस्तृत रूपरेखा अंतिम रूप से तैयार करने और तैयारियों की प्रगति के संबंध में तीन-चार दिन में अपडेट देने के निर्देश दिए। उन्होंने सम्मेलन के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए मीडिया, विज्ञापन, होर्डिंग्स और सोशल मीडिया के माध्यम से प्रभावी अभियान चलाने पर जोर दिया।

स्थानीय स्तर पर आमंत्रित अतिथियों को चिह्नित करने के साथ उनके आवागमन, परिवहन, वाहनों, ठहरने और भोजन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। प्रमुख सचिव ने उद्घाटन सत्र, विभिन्न सत्रों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने को कहा।

उन्होंने आयोजन स्थल पर साफ-सफाई, पहुंच मार्गों को व्यवस्थित रखने और परिवहन व्यवस्था सुचारु बनाने के निर्देश दिए। सम्मेलन के दौरान राज्य सरकार के विकास कार्यों, विभिन्न योजनाओं और नीतियों पर आधारित लघु फिल्मों का प्रसारण भी किया जाएगा। इसके माध्यम से प्रवासी उत्तराखण्डियों को राज्य में हो रहे विकास कार्यों और विभिन्न क्षेत्रों में संचालित पहलों की जानकारी मिल सकेगी।

प्रमुख सचिव ने इन व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने के लिए संबंधित विभागों को पत्र प्रेषित करने और आपसी समन्वय के साथ सभी आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। सम्मेलन की तैयारियों में समयबद्धता, व्यापक सहभागिता और प्रवासी उत्तराखण्डियों के साथ प्रभावी संवाद को प्रमुखता दी जा रही है।

बैठक में सचिव श्री शैलेश बगोली, श्री विनोद कुमार सुमन, श्री सी. रविशंकर, श्री राजेंद्र कुमार, दून विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. सुरेखा डंगवाल, मुख्य विकास अधिकारी देहरादून श्री अभिनव शाह, सदस्य उत्तराखण्ड प्रवासी प्रकोष्ठ श्री सुधीर चन्द्र नौटियाल, उपनिदेशक सूचना श्री बद्री चंद सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Tags: