चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या 53 लाख के पार, बने नए रिकॉर्ड
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर प्रशासन अलर्ट, पिछले साल की तुलना में इस बार तीर्थयात्रियों का आंकड़ा 53.23 लाख पहुंचा।
चारधाम यात्रा में इस वर्ष श्रद्धालुओं की संख्या लगातार नए रिकॉर्ड बना रही है। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन तथा राज्य सरकार के कुशल यात्रा प्रबंधन और बेहतर व्यवस्थाओं के कारण बद्रीनाथ एवं गंगोत्री धाम में दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या पुराने रिकॉर्ड को पार कर गई है। यात्रा में अभी डेढ़ माह का समय शेष है।
बद्रीनाथ धाम में अब तक 18.10 लाख श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं, जबकि गंगोत्री धाम में पहली बार सर्वाधिक 8.41 लाख श्रद्धालु पहुंचे हैं। यमुनोत्री धाम में भी दर्शनार्थियों की संख्या 7.5 लाख के पार पहुंच चुकी है। वहीं, केदारनाथ यात्रा में अब तक 15.57 लाख यात्री दर्शन कर चुके हैं।
चारों धामों में दर्शन करने वाले यात्रियों की कुल संख्या इस यात्रा काल में अब तक 53 लाख 23 हजार 401 पहुंच चुकी है। बीते वर्ष इसी अवधि में यात्री संख्या लगभग 46 लाख थी। यात्रा में अभी डेढ़ माह का समय शेष है, ऐसे में श्रद्धालुओं की संख्या में बीते वर्षों की अपेक्षा और अधिक वृद्धि होने का अनुमान है।
श्री हेमकुंट साहिब की यात्रा को लेकर भी श्रद्धालुओं में भारी उत्साह है। यहां बीते कई वर्षों की तुलना में पहली बार श्रद्धालुओं की संख्या 03 लाख 52 हजार 765 पहुंच चुकी है।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशन में चारधाम यात्रा को बेहद सतर्कता और निगरानी के साथ संचालित किया जा रहा है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं। यात्रा से जुड़े रुद्रप्रयाग, चमोली और उत्तरकाशी जनपद में आपदा प्रबंधन विभाग को चौबीसों घंटे अलर्ट मोड में रखा गया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि चारधाम यात्रा का पहला चरण बेहद सफल रहा है। दूसरे चरण में भी बड़ी संख्या में तीर्थयात्री पहुंच रहे हैं। इसे देखते हुए सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं की गई हैं। यात्रा से जुड़े सभी जनपदों में आपदा प्रबंधन विभाग को अलर्ट मोड में रखा गया है। राज्य एवं जनपद स्तर पर संबंधित उच्चाधिकारियों द्वारा यात्रा व्यवस्थाओं की निरन्तर समीक्षा की जा रही है।
चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या के बीच राज्य सरकार की ओर से सुरक्षा, निगरानी और यात्रा व्यवस्थाओं को लगातार प्राथमिकता दी जा रही है। अब तक 53 लाख 23 हजार 401 श्रद्धालुओं के चार धामों के दर्शन करने के साथ यात्रा ने इस वर्ष एक नया आंकड़ा दर्ज किया है।